'हरि पुत्तर' फ़िल्म को लेकर क़ानूनी कार्रवाई

लेकिन ख़बर है कि प्रसिद्ध फ़िल्म निर्माण कंपनी वार्नर ब्रॉस ने एक भारतीय फ़िल्म कंपनी के ऊपर फ़िल्म 'हरि पुत्तर- ए कॉमेडी ऑफ़ टेरर्स' के नाम को लेकर मामला दायर कर दिया है.
'द हॉलीवुड रिपोर्टर' के मुताबिक वार्नर ब्रॉस का कहना है कि फ़िल्म का टाइटल चर्चित फ़िल्म 'हैरी पॉटर' के नाम से काफ़ी मिलता जुलता है.
वार्नर ब्रॉस के एक प्रवक्ता ने मुंबई स्थित 'मिर्ची मूवीज़' कंपनी के ख़िलाफ़ दायर केस की पुष्टि की है.
इस केस की सुनवाई मुंबई हाईकोर्ट में होनी है जबकि ये फ़िल्म 12 सितंबर को भारत में रिलीज़ होने वाली है.
वार्नर ब्रॉस के एक प्रवक्ता डेबोराह लिंकन ने 'द हॉलीवुड रिपोर्टर' को बताया, " हरि पुत्तर नामक एक फ़िल्म के निर्माण और वितरण से संबंधित लोगों के ख़िलाफ़ हमने हाल ही में कार्रवाई शुरु की है."
बौद्धिक संपत्ति
उन्होंने बताया, "वार्नर ब्रॉस बौद्धिक संपत्ति के अधिकारों का सम्मान करता है, साथ ही उसकी रक्षा करता है. लेकिन जो केस विचाराधीन है उनके बारे में सार्वजनिक रुप से बात करने की हमारी नीति नहीं है."
| हरि पुत्तर नामक एक फ़िल्म के निर्माण और वितरण से संबंधित पार्टी के ख़िलाफ़ हमने हाल ही में कार्रवाई शुरु की है |
इस फ़िल्म की कहानी 10 वर्षीय एक ऐसे बच्चे की है जो अपने माता-पिता के साथ इंग्लैंड चला जाता है जहाँ वो एक गुप्त माइक्रोचीप के मामले में उलझ जाता है.
मिर्ची मूवीज़ के मुनीष पुरी ने 'द हॉलीवुड रिपोर्टर' को बताया, " हमने वर्ष 2005 में ही इस फ़िल्म के टाइटल को पंजीकृत करवाया था. यह बेहद दुखद है कि वार्नर ने इस फ़िल्म के रिलीज़ होने के समय केस दायर किया है."
उन्होंने कहा, " मेरी समझ से तो इस फ़िल्म के टाइटल का हैरी पॉटर के साथ कोई समानता नहीं है."
दो हफ़्ते पहले ये ख़बर आई थी कि अगली पॉटर फ़िल्म-- 'हैरी पॉटर एंड द हॉफ ब्लड प्रिंस' के रिलीज़ करने की तारीख़ आठ महीने आगे बढ़ा दी गई है. अब ये जुलाई, 2009 में रिलीज़ होगी.


Click it and Unblock the Notifications