22 वर्षीय फिल्म एडिटर ने की खुदकुशी, ब्वॉयफ्रेंड पर बलात्कार का आरोप
मुंबई। जिया खान की खुदकुशी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि बॉलीवुड की एक और उभरती प्रतिभा ने मौत को गले लगा लिया। पेशे से फिल्म एडिटर और बॉलीवुड की उभरती मॉडल 22 वर्षीय पल्लवी झा ने मुंबई के जोगेश्वरी स्थित अपने किराये के फ्लैट में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है लेकिन पल्लवी की मां ने उसके प्रेमी पर शादी का झांसा देकर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। इसके अलावा पल्लवी की मां ने उसके प्रेमी शैलेंद्र शर्मा पर खुदकुशी के लिये उकसाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।

दोनों का पिछले पांच साल से अफेयर चल रहा था। पल्लवी अपने ब्वॉयफ्रेंड से शादी करना चाहती थी। नवंबर में शादी तय भी हो गई थी लेकिन शैलेन्द्र ने दहेज के रूप में 30 लाख रूपए और कार की डिमांड रखी। पल्लवी के घर वाले दहेज की मांग पूरी नहीं कर पाए। इस कारण दोनों की शादी नहीं हो पाई।
उसके बाद पल्लवी झा ने पिछले साल शैलेंद्र के खिलाफ बलात्कार का मामला भी दर्ज कराया था। उसके बाद से पल्लवी पर केस वापस लेने का दवाब बनाया जा रहा था जिसके चलते वो डिप्रेशन में आ गई थी। सोमवार को खुदकुशी की सूचना पल्लवी की मां ने पुलिस को दी। पल्लवी की मां ने शैलेंद्र पर बलात्कार और खुदकुशी के लिये उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि शैलेंद्र को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।


Click it and Unblock the Notifications











