Happy Birthday: गूगल के डूडल पर छाए 'शोमैन' राजकपूर
हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और सफल फिल्मकारों में से एक राजकपूर के 90वें जन्मदिन पर गूगल ने उन्हें अपने ख़ास डूडल के ज़रिए याद किया है। डूडल पर राज कपूर की 1955 में आई फिल्म 'श्री 420' के दृश्य को दिखाया गया है। वहीं, बैकग्राउंड में राज कपूर और नरगिस के पॉपुलर गाने 'प्यार हुआ इकरार हुआ..' की एक तस्वीर भी है। यह गाना आज भी लोगों के दिलों दिमाग पर छाया हुआ है।

वहीं, इस डूडल पर क्लिक करते ही राज कपूर से जुड़ी सारी जानकारियां सामने आती हैं। हिंदी सिनेमा के 'शो मैन' के नाम से मशहूर राजकपूर ने न सिर्फ़ अभिनय की दुनिया में नाम कमाया बल्कि बतौर निर्माता निर्देशक भी कई शानदार फिल्में दीं। श्री 420, आवारा, मेरा नाम जोकर, संगम, चोरी चोरी, अंदाज, बॉबी, प्रेम रोग और सत्यम शिवम सुंदरम उनकी मशहूर फिल्मों में से हैं।
राजकपूर का जन्म 14 दिसंबर, 1924 को पेशावर में हुआ था,जो अब पाकिस्तान में है। वहीं, उनका निधन 2 जून 1988 को 63 साल की उम्र में हुआ। दादा साहेब फाल्के पुरस्कार लेने गए राज कपूर समारोह में ही बेहोश हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए एम्स ले जाया गया था। एक महीने बाद उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
हिन्दी सिनेमा में अहम योगदान के लिए वर्ष 1971 में राजकपूर को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वहीं, राजकपूर को दो बार राष्ट्रीय पुरस्कार और 11 फिल्मफेयर एवार्डस से भी सम्मानित किया गया था।


Click it and Unblock the Notifications











