कंगना रनौत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दी जन्मदिन की बधाई- शेयर किया खास वीडियो संदेश
भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितंबर को अपना 70वां जन्मदिन मना रहे हैं। देश- विदेश से लोग उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। ऐसे में बॉलीवुड परिवार भी पीछे नहीं है। सभी सितारे प्रधानमंत्री को बधाई संदेश भेज रहे हैं। वहीं, इस मौके पर कंगना रनौत ने सोशल मीडिया एक वीडियो शेयर किया है। कंगना ने एक खास वीडियो संदेश के साथ प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी है साथ ही कहा कि हम बहुत ही भाग्यशाली हैं कि हमें आप जैसे प्रधानमंत्री मिले हैं।

वीडियो में कंगना कहती हैं, "माननीय प्रधानमंत्री जी आपको जन्मदिवस की बहुत बहुत बधाई। मुझे आपसे कभी बात करने का मौका नहीं मिला। हालांकि हम दो तीन बार मिले हैं। मैं आपसे कहना चाहती हूं कि ये देश आपको बहुत सराहता है। मुझे पता है कि ऐसी बहुत सारी आवाजें हैं, बहुत सारा शोर है, जहां पर आपको गलत तरीके से प्रस्तुत किया जाता है। जितना आपके साथ गलत व्यवहार होता है शायद ही किसी को इतनी गंदी बातें कही जाती हों। खासतौर पर किसी प्रधानमंत्री को तो शायद ही कोई इतने अभद्र शब्द और इतनी गलत बातें बोलता होगा। मगर आप जानते हैं कि बहुत कम लोग हैं। वो एक प्रोपगैंडा है।"
अभिनेत्री ने आगे कहा, "जो साधारण भारतीय आपके लिए महसूस करता है, तो मुझे नहीं लगता कि इतना सम्मान, भक्ति और इतना प्रेम किसी प्रधानमंत्री को इससे पहले मिला है। बस मैं यही कहना चाहती हूं कि करोड़ों भारतीय जो सोशल मीडिया पर नहीं हैं, जिनकी आवाजें आप तक नहीं पहुंच पाती वो सब आज आपकी लंबी उम्र के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। हम बहुत ही भाग्यशाली हैं कि हमें आप जैसे प्रधानमंत्री मिले हैं।"
बीते दिनों कंगना रनौत काफी सुर्खियों में हैं। सुशांत सिंह राजपूत केस से लेकर बॉलीवुड और ड्रग्स कनेक्शन तक, कंगना ने काफी बयानबाजी की है। खासकर महाराष्ट्र सरकार के साथ कंगना की लड़ाई काफी तूल पकड़ चुकी है। पिछले दिनों कंगना जब मुंबई आई थीं, तो उन्हें केंद्र सरकार की तरफ से Y प्लस सेक्यूरिटी मुहैया कराई गई थी।


Click it and Unblock the Notifications