45 की हुई धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित

अपने सधे हुए अभिनय, दिल को छू लेने वाली मुस्कान और मदमस्त नृत्य से माधुरी ने भारतीय फिल्मजगत में अपना खास मकाम बनाया है। जहां तक पहुँचना हर किसी के बस की बात नहीं है। हाल ही में माधुरी ने बॉलीवुड में 25 साल पूरे किये है,जिसके एवज में उन्हें सम्मानित भी किया गया है। माधुरी के बारे में आज भी लोग यही कहते हैं कि कोई भी उनकी भरपाई बॉलीवुड में नहीं कर सकता है। जानकारों का कहना है कि माधुरी संपूर्ण अभिनेत्री थीं, उनके बाद किसी भी में वो बात नहीं है जो माधुरी में है।
15 मई 1967 में मुबई के मराठी परिवार में जन्मी माधुरी दीक्षित की इच्छा डॉक्टर बनने की थी लेकिन उनकी जिंदगी में तो बेहतरीन अदाकारा बनना लिखा था। 1984 में राजश्री प्रोडक्शन की फिल्म 'अबोध' से अपना फिल्मी करियर शुरू करने वाली माधुरी को पहचान मिली एन चंद्रा की फिल्म तेजाब से। जो कि सन् 1988 में प्रदर्शित हुई थीं।
इसके बाद माधुरी की सफलता का दौर जारी रहा। त्रिदेव, रामलखन, बेटा, प्रहार, परिंदा, दिल, साजन, हम आपके है कौन, दिल तो पागल है, मृत्युदंड, देवदास , खलनायक फिल्मों से माधुरी नंबर वन के सिंहासन पर जा बैंठी जहां पहुँचना हर किसी का सपना होता है। माधुरी को फिल्म बेटा, हम आपके है कौन, दिल तो पागल है के लिए तीन बार फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवार्ड दिया गया । तो वहीं फिल्म देवदास के चर्चित किरदार चंद्रमुखी के लिए उन्हें सहायक अभिनेत्री के लिए फिल्मफेयर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
औरत की हीन दशा पर बनीं फिल्म मृत्युदंड के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है। साल 2008 में भारत सरकार ने माधुरी को पद्यश्री से भी नवाजा है। लंबे अरसे से पर्दे से गायब रहने वाली माधुरी ने पिछले साल सोनी के डांस रियलिटी शो..झलक दिखला जा से..वापसी की। ये शो काफी हिट रहा जिसके पीछे माधुरी दीक्षित का ही हाथ माना जा रहा है। उम्मीद है कि इस सीजन में भी माधुरी इस शो की जज बनेंगी, लेकिन अभी तक इस बारे में कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसी दौरान माधुरी कई विज्ञापन में भी नजर आयीं।
हमारी पूरी टीम इस खूबसूरत अदाकारा के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देती है और कहती है वो इसी तरह बॉलीवुड में अपनी मधुर मुस्कान से अपना जादू बिखेरती रहें। तुम जियो हजारों साल...यही दुआ है हमारी..हैप्पी बर्थ डे माधुरी दीक्षित ।


Click it and Unblock the Notifications











