Hamare Baarah की एक्ट्रेस को क्यो उनके परिवार ने कहा- 'बोरिया-बिस्तरा बांधो और घर वापस आओ'

Hamare Baarah Actress Threats: इन दिनों एक फिल्म काफी चर्चा में है और वो है 'हमारे बारह'। इस फिल्म का जबसे ट्रेलर रिलीज हुआ है, तब से फिल्म के मेकर्स और कलाकारों को धमकियां मिल रही हैं और इस फिल्म में अन्नू कपूर की बेटी का रोल निभाने वाली एक्ट्रेस अदिति धीमन ने हाल ही में इन सब धमकियों पर अपने दिल की बात रखी है।
एक इंटरव्यू में अदिति ने बताया कि उन्हें लगातार धमकी भरे मैसेजेस आ रहे हैं यहां तक कि कुछ लोगों ने तो उन्हें रेप थ्रेट्स भी दिए। उन्होंने कहा कि शुरू-शुरू में तो उन्हें इतनी नफरत झेलने में काफी परेशानियां हुईं क्योंकि 'हमारे बारह' एक्ट्रेस की डेब्यू फिल्म है। लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने खुद को संभाला। लेकिन इन सब चीजों से उनका परिवार काफी डरा हुआ है।
अदिति ने आगे बताया कि उन्होंने पहले तो अपने परिवार को कुछ नहीं बताया ताकि वो परेशान ना हो लेकिन धीरे-धीरे उन्हें खबरों से पता लग गया कि मुझे रेप की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि मेरी मां बहुत घबरा गई थीं और उन्होंने मुझे सबकुछ छोड़कर वापस आने को कहा। अपनी मां को समझाते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है और वो भी अब ना डरें। ग्राउंड लेवल की सच्चाई दिखाना बहुत जरूरी है। मेरे एक कदम से औरतों की जिंदगी बदल सकती है, तो इसमें बुरा क्या है?
आपको बता दें, इस फिल्म में अन्नू कपूर लीड रोल में हैं और उन्हें भी लगातार धमकियां मिल रही हैं। एक्टर ने एक वीडियो के जरिए धमकी दे रहे लोगों को मैसेज दिया था। एक्टर ने वीडियो में कहा- "फिल्म महिला सशक्तिकरण की वकालत करती है और महिलाओं के अधिकारों के बारे में बात करती है। पहले फिल्म देखें और फिर अपना फैसला दें। लोगों को सोशल मीडिया पर अपने मन की बात कहने की आजादी है लेकिन उन्हें गाली नहीं देनी चाहिए। गाली न दें या जान से मारने की धमकी न दें हम इन चीजों से नहीं डरेंगे।"
एक्टर ने आगे कहा, "हमने केवल महिला सशक्तिकरण के बारे में बात करने के लिए एक मुद्दा-आधारित फिल्म बनाई है। यह बढ़ती जनसंख्या के मुद्दे पर बात करती है और हमारा इरादा किसी भी जाति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं है।अगर आपको शांति भंग करनी है तो हम भी चुप नहीं बैठेंगे।"


Click it and Unblock the Notifications











