रहमान, अमज़द अली का ग्रैमी में नामांकन

भारतीय संगीत की दो जानी मानी हस्तियों ऑस्कर विजेता ए आर रहमान और उस्ताद अमज़द अली खान का नामांकन इस साल के ग्रैमी पुरस्कार के लिए हुआ है.
रहमान को इस साल ऑस्कर जीत चुकी फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर में बेहतरीन संगीत देने के लिए नामांकित किया गया है. वहीं अमजद अली ख़ान को उनकी अपनी ही एल्बम एंसिएंट साउंड्स के लिए नामांकित किया गया है.
रहमान को दो ऑस्कर और एक गोल्डेन ग्लोब अवार्ड जीताने वाले गीत ‘जय’ हो को ‘बेस्ट सांग रिटन फॉर मोशन पिक्चर्स’ की श्रेणी में नामांकित किया गया है साथ ही उन्हें स्लमडॉग मिलिनेयर के लिए ‘बेस्ट कंपाइलेशन साउंडट्रैक एल्बम फॉर मोशन पिक्चर्स’ की श्रेणी में भी नामांकित किया गया है.
ख़ुशी
रहमान के ग्रैमी पुरस्कारों में मिले नामांकन को लेकर जाने माने शायर और गीतकार जावेद अख्तर ने कहना था, “मैं काफ़ी खुश हूं लेकिन मुझे आश्चर्य नहीं है क्योंकि मैं जानता हूं कि उनकी प्रतिभा अंतरराष्ट्रीय स्तर की है. रहमान की उपलब्धियों की फेहरिस्त काफ़ी लंबी है और इस तरह की चीज़ें उनके साथ होती रहेंगी.”
फिल्मों का नोबेल पुरस्कार माने जाने वाले ऑस्कर जीत चुके रहमान को पहली बार ग्रैमी पुरस्कारों के लिए नामांकित किया गया है.
उधर रहमान की बहन रेहाना ने इस नामांकन पर खुशी जताई है, उन्होंने बीबीसी को बताया, “मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि रहमान को ग्रैमी पुरस्कारों के लिए नामांकित किया गया है, ये एक बहुत बड़ा पुरस्कार है और मैं दुआ करूँगी कि वो ये पुरस्कार भी जीत जाएं लेकिन अगर किसी वज़ह से वो इसे नहीं भी जीत पाते हैं तो भी हम दुखी नहीं होंगे क्योंकि ग्रैमी में नामांकन मिलना ही बड़ी बात है.”
उस्ताद
वहीं एल्बम ‘एंसिएंट साउंड्स’ में उस्ताद अमजद अली ख़ान और इराक़ी-अमरीकन संगीतकार रहीम अलहज पहली बार एक साथ आए हैं.
टाइम्स म्यूजिक द्वारा जारी किए गए इस एल्बम में सात गाने हैं जिन्हें खुद अमजद अली ख़ान ने लिखा है और स्वरबद्ध किया है.
ग्रैमी में नामांकन मिलने पर खुशी जताते हुए उस्ताद अमजद अली ख़ान ने बीबीसी को बताया, “ग्रैमी पुरस्कारों के लिए नामांकित होना वाकई गर्व की बात है, मुझे पूरी उम्मीद है कि मेरी ये एल्बम इस बार ग्रैमी पुरस्कार जीतने में कामयाब होगी, साथ ही मैं रहमान के लिए भी खुश हूं. उन्होंने इससे पहले भी कई बड़े-बड़े पुरस्कार जीते हैं. संगीत और धुनों के लिहाज़ से अभी और काफ़ी कुछ हासिल किया जाना बाक़ी है.”
52वें ग्रैमी पुरस्कारों का आयोजन अगले साल 31 जनवरी को लॉस एंजिलिस के स्टेपल्स सेंटर में होना है.


Click it and Unblock the Notifications