Govinda Naam Mera: विक्की कौशल और करण जौहर ला रहे हैं, डिज़्नी+ हॉटस्टार पर साल की सबसे बड़ी कॉमेडी थ्रिलर

करण जौहर ने साल 2021 में विक्की कौशल के साथ फिल्म 'गोविंदा नाम मेरा' की जोरशोर से घोषणा की थी। फैंस विक्की को इस हटके रोल में देखने के लिए काफी उत्सुक भी थे, लेकिन बीच में फिल्म चर्चा में बिल्कुल ही गायब हो गई। खैर, अब फिल्म को लेकर ताजा घोषणा की गई है और बड़ी खबर है कि ये फिल्म थियेटर्स में नहीं, बल्कि डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज की जाएगी।
धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित और शशांक खेतान द्वारा लिखित तथा निर्देशित, यह कॉमेडी थ्रिलर एक अंडरडॉग और उसके परिवार के पागलपन की कहानी कहती है।
डिज़्नी+ हॉटस्टार की इस फिल्म में विक्की कौशल के साथ कियारा आडवाणी और भूमि पेडनेकर दिखेंगी। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट रिवील नहीं की गई है।
गौरव बनर्जी (हेड- कंटेंट, डिज्नी+ हॉटस्टार और एचएसएम एंटरटेनमेंट नेटवर्क, डिज्नी स्टार) कहते हैं, "हमें अपने पार्टनर धर्मा के साथ साझेदारी में एक नई फिल्म की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। शशांक खेतान की फिल्मों ने हमेशा युवा उपभोक्ताओं के दिल को छू लिया है और हमें विश्वास है कि गोविंदा नाम मेरा इस फिल्मोग्राफी में और अधिक जोड़ देगा।"
प्रोड्यूसर करण जौहर ने कहा, "गोविंदा नाम मेरा की रिलीज के साथ, धर्मा प्रोडक्शंस ने डिज्नी+ हॉटस्टार के साथ अपनी पार्टनरशिप को और मजबूत किया है। हम विक्की कौशल, कियारा आडवाणी और भूमि पेडनेकर के दमदार परफॉर्मेंस से भरी इस हॉलीडे स्पेशल फिल्म को डिज्नी+ हॉटस्टार के दर्शकों के लिए एक्सक्लूसिव लाने के लिए उत्साहित हैं।"
निर्देशक शशांक खेतान ने फिल्म के बारे में अपना उत्साह साझा करते हुए कहा, "कॉमेडी की इस नये जॉनर पर काम करना आकर्षक था और एक प्रतिभाशाली स्टार कास्ट के साथ ने इसे आसान बना दिया। गोविंदा नाम मेरा एक पूर्ण पारिवारिक मनोरंजन है जो दर्शकों को फिल्म के अंत तक अनुमान लगाता दिखेगा।"
वहीं, अपूर्व मेहता ने कहा, "हम इस फिल्म के लिए वास्तव में उत्साहित हैं क्योंकि यह हमारी पहली कॉमेडी क्राइम थ्रिलर फिल्म है।"


Click it and Unblock the Notifications











