क्या गोविंदा की जान को खतरा है? एक्टर के घर रात 3 बजे क्या हुआ? मैनेजर ने बताई पूरी सच्चाई, कहा- 'वहम नहीं...'
Govinda latest news: बॉलीवुड एक्टर गोविंदा को लेकर हाल ही में यह चर्चा तेज हो गई थी कि वह इस वहम में जी रहे हैं कि कुछ लोग उनकी जान के पीछे पड़े हैं। इन बातों पर अब उनके मैनेजर शशि सिन्हा ने सामने आकर पूरी स्थिति साफ की है और इन दावों को बेबुनियाद बताया है।

शशि सिन्हा ने बताया कि गोविंदा को पहले भी धमकी भरे फोन कॉल मिल चुके हैं। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक दिन देर रात करीब 3 से 3:30 बजे के बीच गोविंदा के घर के बाहर कई लोग इकट्ठा हो गए थे। उस समय माहौल काफी तनावपूर्ण था। शशि का कहना है कि अगर उस वक्त गोविंदा के हाथ में मोबाइल होता और खुद को बचाने का कोई तरीका नहीं होता, तो हालात और गंभीर हो सकते थे।
घर पर नहीं थी कोई सुरक्षा
मैनेजर के मुताबिक, जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त गोविंदा के घर पर कोई सिक्योरिटी गार्ड मौजूद नहीं था। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना से जुड़ा एक वीडियो उनके पास है और मामले को लेकर पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
ट्रोलर्स पर फूटा मैनेजर का गुस्सा
गोविंदा के खिलाफ लगातार बातें करने वालों पर नाराजगी जताते हुए शशि सिन्हा ने कहा कि लोग बिना पूरी जानकारी के बेवजह बयान दे रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि गोविंदा कोई अपराधी नहीं हैं, फिर भी उन्हें ऐसे दिखाया जा रहा है जैसे उन्होंने कोई गंभीर जुर्म किया हो। इन बातों की वजह से गोविंदा और उनके करीबियों को काफी अपशब्द भी सुनने पड़े हैं।
2024 की गोली लगने वाली घटना की याद
हालांकि शशि सिन्हा ने यह नहीं बताया कि वह जिस घटना का जिक्र कर रहे हैं, वह कब की है। लेकिन अक्टूबर 2024 में गोविंदा उस वक्त सुर्खियों में आए थे, जब उन्हें गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय पुलिस ने इसे खुद से हुई दुर्घटना बताया था और किसी साजिश से इनकार किया था।
गोविंदा ने खुद बताया था हादसे का सच
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गोविंदा ने मीडिया को बताया था कि सुबह के समय उनकी रिवॉल्वर गिर गई थी और अचानक गोली चल गई। उन्होंने कहा था कि यह एक हादसा था और लोगों से अपील की थी कि इसे किसी गलत नजरिए से न देखा जाए। साथ ही उन्होंने सभी शुभचिंतकों का दुआओं के लिए धन्यवाद किया था।
वर्क फ्रंट पर गोविंदा
काम की बात करें तो गोविंदा आखिरी बार साल 2019 में फिल्म 'रंगीला राजा' में नजर आए थे। इसके बाद वह टीवी रियलिटी शो 'डांस बंगला डांस' में जज के रोल में दिखाई दिए थे।


Click it and Unblock the Notifications











