OMG: अक्षय की बॉस ने तोड़ा माइकल जैक्सन का रिकार्ड..
आपको बता दें कि अक्षय कुमार फिल्म 'बॉस' को विश्व में सबसे बड़े पोस्टर के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल किया गया है। पोस्टर की चौड़ाई 193 फीट और एक इंच है जबकि इसकी ऊंचाई 180 फीट और दो इंच है। अक्षय के प्रशंसकों के समूह अक्षय टीम ने इस पोस्टर को बनाया है। तीन अक्टूबर को ब्रिटेन के लिटिल ग्रैंस्डेन एयरफील्ड में इसका अनावरण हुआ। इस पोस्टर को बनाने में चार महीने का समय लगा।
अपनी खुशी ट्विटर पर बांटते हुए अक्षय ने कहा, "दुनिया के सबसे बड़े पोस्टर का हिस्सा होना विनम्र अनुभव है। आप सभी के प्यार के लिए शुक्रिया।" 'बॉस' ने पॉप सितारे माइकल जैक्सन की वृत्तचित्र-संगीत समारोह फिल्म 'दिस इज इट' का रिकॉर्ड तोड़ा है। जिसके बाद अक्षय कुमार के चाहने वाले खासा खुश हैं।
मालूम हो कि हरियाणवी अंदाज में बात करते हुए अक्षय कुमार के प्रोमों ने लोगो को आकर्षित किया है। फिल्म का प्रमोशन जोरों पर है, इसी दौरान फिल्म के बारे में बात करते हुए खिलाड़ी अक्षय ने कहा कि फिल्म बॉस बाप-बेटे की कहानी है। फिल्म में अक्षय के पिता का रोल अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने निभाया है।
एंथनी डीसूजा निर्देशित 'बॉस' में मिथुन चक्रवर्ती, शिव पंडित, अदिति राव हैदरी, डैनी डेंजोंग्पा, रोनित रॉय और जॉनी लीवर भी हैं। वायाकॉम 18 मोशन पिक्चर्स, केप ऑफ गुड फिल्मस एंड अश्विन वर्दे प्रोडेक्शंस की सह-प्रस्तुति 'बॉस' 16 अक्टूबर को प्रदर्शित होगी। एक्शन और ग्लैमर का तड़का लिये इस फिल्म से अक्षय को काफी उम्मीदें हैं। देखते हैं कि लोगों उनकी इस उम्मीद को पूरा करते हैं कि नहीं।


Click it and Unblock the Notifications












