खूबसूरती हमेशा महत्वपूर्ण नहीं होती : मिनिशा लांबा

लांबा कहना है, "फिल्म 'किडनैप' में मेरा जो रूप है उससे मेरे लिए कई नए अवसर खुले हैं। यह ऐसा कुछ है जिसे मैं संजोना चाहती हूं। खूबसूरत दिखना महत्वपूर्ण होता है लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। आपके अंदर प्रतिभा होना भी बहुत जरूरी है। यदि आप में प्रतिभा हो तो लोग आपके रूप की परवाह किए बिना आपको स्वीकार करते हैं।"
लांबा यह भी मानती हैं कि कद छोटा होने का फिल्म उद्योग में कोई नुकसान नहीं है। वह कहती हैं, "यदि आप एक मॉडल हैं तब ऊंचा कद होना जरूरी है लेकिन सिनेमा एक अलग माध्यम है जहां कद का कम या ज्यादा होना मायने नहीं रखता।" किडनैप के बाद मिनिशा निर्देशक श्याम बेनेगल की नई फिल्म 'वेल डन अब्बा' में एक अलग तरह की भूमिका में दिखेंगी। लांबा कहती हैं कि शुरूआत में वह बेनेगल के साथ काम करने को लेकर डरी हुई थीं लेकिन जब शूटिंग शुरू हुई तो पता चला कि वास्तव में वह बहुत अच्छे निर्देशक हैं।
'वेल डन अब्बा' में राजनैतिक व्यंग्य है। यह फिल्म दो लघु कहानियों जीलानी बानो की 'नरसैयां की बावड़ी' और संजीव की 'फुलवा का पुल' से प्रेरित है। यह फिल्म 26 मार्च को प्रदर्शित होगी। समीर दत्तानी, इला अरुण, रवि किशन, सोनाली कुलकर्णी और यशपाल शर्मा ने भी इसमें अभिनय किया है।


Click it and Unblock the Notifications











