'मीडिया ने गढ़ी अंतरंग दृश्यों की कहानी'

By Jaya Nigam
'मीडिया ने गढ़ी अंतरंग दृश्यों की कहानी'

संजय लीला भंसाली की 'ग़ुज़ारिश' में तीसरी बार ऋतिक रोशन और ऐश्वर्या राय साथ-साथ दिख रहे हैं

क्या फ़िल्म 'ग़ुज़ारिश' में आपके और ऋतिक रोशन के बीच अंतरंग दृश्य हैं ? ये वो सवाल था, जिससे ऐश्वर्या राय झल्ला उठीं और कहा, "ये सारी बातें मीडिया ने गढ़ीं हैं. किसी को भी इस नतीजे पर तब तक नहीं पहुंचना चाहिए, जब तक कि वो फ़िल्म ना देख ले."

ऐश्वर्या के मुताबिक़ इस तरह की बातों से दर्शकों का फ़िल्म की कहानी पर से फ़ोकस हट जाएगा और वो इन्हीं सब बातों पर गौर करने लगेंगे. उन्होंने ये बातें मुंबई में पत्रकारों से फ़िल्म 'ग़ुज़ारिश' के म्यूज़िक लॉन्च पर कहीं.

इस कार्यक्रम में ऐश्वर्या ज़्यादातर वक्त हंसती मुस्कुराती रहीं, लेकिन बीच-बीच में वो पत्रकारों के कुछ सवालों पर असहज भी दिखीं.

इस मौके पर ऐश्वर्या के अलावा फ़िल्म के नायक ऋतिक रोशन, निर्देशक संजय लीला भंसाली, ऐश्वर्या के अभिनेता पति अभिषेक बच्चन और मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित अमिताभ बच्चन भी मौजूद रहे. अमिताभ ने ही फ़िल्म का म्यूज़िक लॉन्च किया.

दिलचस्प बात तो ये है कि फ़िल्म का संगीत भी निर्देशक संजय भंसाली ने ही दिया है. संजय लीला भंसाली ने कहा, "मैंने दो साल तक फ़िल्म के संगीत पर काम किया और इस वक़्त जब संगीत लोगों के सामने आ चुका है, तो मैं बहुत नर्वस हूं."

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि, "मैंने फ़िल्म के किरदारों को जिस तरह से समझा, उस तरीके से मैं किसी और को समझा नहीं सकता था, इसलिए मुझे लगा कि मैं ही कहानी को सबसे अच्छी तरह से समझकर फ़िल्म का संगीत दे सकता हूं."

फ़िल्म में ऋतिक रोशन ने भी एक गाना गाया है. क्या वो गाते वक़्त नर्वस थे, जब ऋतिक से ये सवाल पूछा गया तो वे बोले, "मैं कोई प्रशिक्षित गायक तो हूं नहीं, इसलिए मैं ग़लतियां करने के लिए आज़ाद था. नर्वस होने का सवाल ही नहीं उठता."

ऐश्वर्या और ऋतिक रोशन की ये साथ-साथ तीसरी फ़िल्म है. इससे पहले वो 'धूम 2' और 'जोधा अकबर' में साथ दिख चुके हैं.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+
X