शादी के बाद भी काम करूंगीः जेनेलिया डिसुजा
अभी तक रितेश देशमुख के साथ अपने संबंधों को लेकर चुप्पी साधने वाली जेनेलिया डिसुजा ने अब इस बारे में बात करनी शुरू कर दी है। उनकी शादी को सिर्फ 10 ही दिन बचे हैं। उनका कहना है कि अभिनेता के रूप में रितेश की सहजता ने उन्हें प्रभावित किया।
जेनेलिया ने कहा, मैं महसूस करती हूं कि रितेश असाधारण अभिनेता हैं। उनके बारे में सबसे अच्छी बात उनकी सहजता है। दोनों का विवाह 3 फरवरी को होने वाला है। दोनों ने 2003 में बॉलीवुड में प्रवेश एक साथ तुझे मेरी कसम से किया था। इसके बाद यह जोड़ी मस्ती में दिखी। अब जेनेलिया एवं रितेश की जोड़ी तेरे नाल लव हो गया में दिखेगी, जो 24 फरवरी को प्रदर्शित होगी। इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म का निर्देशन मनदीप कौर ने किया है।
जेनेलिया ने कहा, जब मैंने काम शुरू किया तो मुझे कुछ नहीं मालूम था कि मैं क्या कर रही हूं। लेकिन जिनके साथ आपका घनिष्ठ रिश्ता हो, उनके साथ काम करना काफी अच्छा होता है। लेकिन क्या दोनों का असली जीवन में दिखने वाला सामंजस्य पर्दे पर दिखेगा? इस पर जेनेलिया ने कहा, दो लोगों के मध्य सामंजस्य देखने में अच्छा लगता है। लेकिन यह कहानी पर भी निर्भर करता है कि कैसी वह लिखी गई है। फिलहाल उत्साहित जेनेलिया इस समय शादी की खरीदारी में व्यस्त हैं।
उनका मानना है कि दोनों के रिश्ते के बारे में बात करने के लिए यह सही समय है। लेकिन शादी के विषय में विस्तृत जानकारी देने के प्रति अनिच्छुक थीं। कई अभिनेत्रियों की तरह जेनेलिया की भी योजना शादी के बाद फिल्मों में काम करने की है। उन्होंने कहा, मैं फिल्मों में काम करना जारी रखूंगी। लेकिन किस स्तर तक काम करुंगी इसका निर्णय नहीं लिया है।


Click it and Unblock the Notifications