शास्त्रीय गायिका गंगूबाई का निधन
भारतीय शास्त्रीय संगीत की सुप्रसिद्ध गायिका गंगूबाई हंगल का मंगलवार को निधन हो गया है. वे 97 वर्ष की थीं.
गंगूबाई को दो दिन पहले सीने में दर्द की शिकायत के बाद कर्नाटक के शहर हुबली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सोमवार रात उनकी हालत बहुत ही ज़्यादा बिगड़ गई थी.
डॉक्टरों के अनुसार उन्हें साँस लेने में तकलीफ़ थी. वे हृदय रोग की भी मरीज़ थीं.
असाधारण क्षति
हंगल का निधन को भारतीय संगीत और गायकी के क्षेत्र के लिए असाधारण क्षति माना जा रहा है.
उन्होंने 50 साल से अधिक समय तक संगीत की सेवा की और इस दौरान भारतीय शास्त्रीय संगीत को नई उँचाई तक पहुँचाया.
वर्ष 1913 में कर्नाटक के एक गाँव हंगल में जन्मी गंगूबाई को उनकी माँ ने सुर की शुरूआती शिक्षा दी थी. बाद में उन्होंने संगीत की शिक्षा 'किराना घराने' के गुरू स्वाई गांधर्व से ली.
गंगूबाई ने अपने फ़न के प्रदर्शन की शुरुआत किशोरावस्था में मुंबई में स्थानीय समारोहों और गणेश उत्सवों में गायकी से की थी.
उनकी आवाज़ को बेहद सुरीला और मनमोहक माना जाता है.
शास्त्री संगीत को बेहतरीन योगदान के लिए उन्हें अनेक सम्मान और पुरस्कार मिले जिनमें पद्म भूषण, तानसेन पुरस्कार, संगीत नाटक पुरस्कार प्रमुख हैं.


Click it and Unblock the Notifications