गंगूबाई काठियावाड़ी बॉक्स ऑफिस: आलिया भट्ट की मज़बूत शुरूआत, जानिए कैसी रही ओपनिंग ऑक्यूपेंसी
आलिया भट्ट स्टारर गंगूबाई काठियावाड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर एक मज़बूत शुरूआत कर दी है। फिल्म ने पहले दिन थिएटर में लगभग 27 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की है जो कोरोना काल के बाद एक अच्छी शुरूआत मानी जा सकती है। हालांकि, आलिया भट्ट की ये फिल्म इसके बावजूद अपनी ओपनिंग को दो अंकों के आंकड़े तक नहीं पहुंचा पाएगी।
माना जा रहा था कि अगर गंगूबाई काठियावाड़ी ने पहले ही दिन अच्छा वर्ड ऑफ माउथ हासिल किया तो फिल्म 10 - 11 करोड़ की कमाई का आंकड़ा छू पाएगी लेकिन फिलहाल तो आलिया भट्ट अपनी फिल्म को डबल डिजिट आंकड़ों की ओपनिंग नहीं दिलवा पाई हैं।

पहले दिन की ऑक्यूपेंसी को देखते हुए ये साफ है कि आलिया भट्ट इस फिल्म से पहले दिन 7 - 8 करोड़ की ही कमाई करेंगी जो कि उनकी पहली फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर और उनकी सुपरहिट फिल्म राज़ी की ओपनिंग आंकड़ों के आस पास होगा। दिलचस्प ये है कि राज़ी भी महिला केंद्रित फिल्म थी और अगर गंगूबाई राज़ी के नक़्शे कदम पर चली तो अच्छी कमाई कर सकती है।

फिर भी हिट होने में होगी मुश्किल
लेकिन हिट होने के लिए आलिया भट्ट की फिल्म को राज़ी से दोगुना प्रदर्शन करना होगा। क्योंकि राज़ी एक कम बजट की फिल्म थी इसलिए फिल्म अपनी 120 करोड़ के लाईफटाईम कलेक्शन के साथ भी सुपरहिट हो गई। लेकिन आलिया भट्ट की गंगूबाई काठियावाड़ी का बजट ही काफी बड़ा है। ऐसे में फिल्म को वीकेंड पर तेज़ गति से अपनी कमाई बढ़ानी होगी। आलिया के पास कमाई के लिए अभी दो हफ्ते हैं जिसके बाद उन्हें प्रभास - पूजा हेगड़े स्टारर राधे श्याम से टक्कर लेनी होगी।

कैसी रही पहले दिन की शुरूआत
25 फरवरी को आलिया भट्ट ने सुबह के शो से ही अपनी अच्छी पकड़ बना ली थी। फिल्म ने सुबह के शो में 17 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की थी। इनमें मुंबई, पुणे और चेन्नई में फिल्म ने अच्छी शुरूआत की थी। इन शहरों में सुबह के शो में ही ऑक्यूपेंसी लगभग 30 - 35 प्रतिशत थी।

दोपहर तक बढ़े आंकड़े
दोपहर को आलिया भट्ट की फिल्म ने अच्छी पकड़ बनाना शुरू की और थिएटर में दोपहर के शो में 24 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। इनमें दोपहर के शो में मुंबई, पुणे और चेन्नई के अलावा हैदराबाद ने भी अच्छे दर्शकों की उपस्थिति दर्ज की और दोपहर के आंकड़ों ने ये साफ कर दिया था कि आलिया की फिल्म शाम तक और अच्छे आंकड़े लेकर आएगी।

शाम के शो में अच्छी खासी बढ़त
उम्मीदों के अनुसार, शाम के शो में गंगूबाई काठियावाड़ी की ऑक्यूपेंसी में इजाफा हुआ और फिल्म ने 34 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज कराई। केवल मुंबई में ही ये आंकड़ा 61 प्रतिशत रहा। वहीं चेेन्नई और पुणे में भी लगभग 50 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।

रात के शो में उछाल
माना जा रहा है कि शनिवार को आंशिक छुट्टी होने के कारण रात के शो में गंगूबाई की ऑक्यूपेंसी में अच्छा खासा उछाल आएगा जो फिल्म को कम से कम डबल डिजिट ओपनिंग की दहलीज़ पर खड़ी कर सकता है। हालांकि, ये तभी मुमकिन हो पाएगा जब रात को शो में फिल्म 45 प्रतिशत से ऊपर की ऑक्यूपेंसी दर्ज करती है।

कई शहरों में धीमा प्रदर्शन
आलिया भट्ट और संजय लीला भंसाली की ये फिल्म कई शहरों में बेहद धीमा प्रदर्शन कर रही है जहां दिल्ली - NCR, बेंगलुरू, लखनऊ, जयपुर, भोपाल, सूरत और अहमदाबाद जैसे शहर शामिल हैं। इन शहरों में फिल्म ने 10 - 15 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की और कुछ बड़े शहरों में ये आंकड़े केवल 7 - 8 प्रतिशत ही रहा।

3000 स्क्रीन पर रिलीज़ हुई फिल्म
गंगूबाई काठियावाड़ी कोरोना काल के बाद रिलीज़ होने वाली तीसरी सबसे बड़ी फिल्म है। ये फिल्म कुल 3000 स्क्रीन पर रिलीज़ हो हुई है और इसका बजट लगभग 180 करोड़ रूपये बताया जा रहा है जो ज़ाहिर सी बात है कि आलिया भट्ट की सबसे महंगी फिल्म होगी। इसलिए फिल्म को हिट होने के लिए कम से कम 200 करोड़ रूपये की कमाई का आंकड़ा पार करना होगा। ये आंकड़ा पार होगा या फिर नहीं, ये आने वाला वीकेंड साफ करेगा।


Click it and Unblock the Notifications











