गैंग ऑफ घोस्ट्स काफी हटकर है: अनुपम खेर
अनुपम खेर जल्द ही सतीश कौशिक के निर्देशन में बनने वाली फिल्म 'गैंग ऑफ घोस्ट्स' के लिए शूटिंग शुरू करेंगे। अनुपम ने कहा कि काफी अरसे बाद उनका सामना एक दिलचस्प पटकथा से हुआ है।
फिल्म के मुहूर्त पर गुरुवार को उन्होंने कहा, "यह फिल्म एक बांग्ला फिल्म पर आधारित है। सतीश जी ने इसका रूपांतरण इस कदर किया है कि काफी समय बाद भी इसकी पटकथा में मुझे अनोखेपन का एहसास होता है।" 'गैंग ऑफ घोस्ट्स' बांग्ला की सफल फिल्म 'भूतेर भबिष्यत' का नया संस्करण है। यह 2012 में बनी थी। निर्माता रतन जैन इस फिल्म का अधिकार खरीद चुके हैं। अनुपम मुहूर्त के पुराने अंदाज को लेकर भी खुश थे।
अनुपम ने कहा, "ऐसा मुहूर्त 1970 और 1980 के दशक में होता था। यह मुझे अच्छा लगा। मैंने सतीश जी के साथ तीन-चार फिल्में की हैं। मैं उनके साथ काम करने की प्रतीक्षा कर रहा हूं।" 'गैंग ऑफ घोस्ट्स' में माही गिल, शरमन जोशी, चंकी पांडे जैसे कलाकार हैं। दक्षिण भारत की अभिनेत्री मीरा चोपड़ा इस फिल्म के जरिये बॉलीवुड में कदम रख रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications












