थिएटर में बैठकर 'छावा' इंजॉय कर रहे थे लोग, तभी स्क्रीन पर लगी आग और फिर...

Select City Walk Theatre Fire: एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार शाम को यहां सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल में एक सिनेमा हॉल में फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब सामने आ गया है।
छावा की स्क्रीनिंग के दौरान लगी आग
एक प्रत्यक्षदर्शी ने पीटीआई को बताया कि मॉल में पीवीआर सिनेमा की फिल्म स्क्रीन के एक कोने में शाम 4:15 बजे 'छावा' फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान आग लग गई, जिससे सिनेमा देखने वालों में दहशत फैल गई।
आग पर पाया गया काबू
एक और शख्स ने कहा कि जैसे ही हॉल में फायर अलार्म बजने लगे, सभी लोग बाहर निकलने के दरवाजे की ओर भागे। उन्होंने कहा कि सिनेमा हॉल को खाली करा लिया गया। दिल्ली फायर सर्विसेज के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें शाम 5.42 बजे आग लगने की सूचना मिली और छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। हालांकि, यह एक छोटी आग थी और कोई हताहत नहीं हुआ, उन्होंने कहा, आग पर शाम 5.55 बजे तक काबू पा लिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
दिल्ली पुलिस ने कहा कि उन्हें साकेत सिटीवॉक मॉल से शाम 5.57 बजे आग लगने की सूचना मिली। पुलिस ने एक बयान में कहा, "हमें आग के बारे में एक कॉल मिली और कॉल करने वाले ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं। टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाई गई। आग के कारण कोई घायल नहीं हुआ।"
इसमें कहा गया कि पीवीआर साकेत में मामूली शॉर्ट सर्किट के कारण छोटी आग लग गई, लेकिन कोई नुकसान नहीं हुआ और स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया।
आग लगने के समय फिल्म देख रहे वीर सिंह ने पीटीआई को बताया कि उन्हें शुरू में लगा कि यह फिल्म का कोई सीन है। उन्होंने कहा, "जब लोगों को पता चला कि आग हॉल के अंदर लगी है और धुआं उठ रहा है, तो लोग चीखने लगे। यह एक छोटी सी आग थी। जैसे ही फायर अलार्म बजा, सिनेमा हॉल के कर्मचारी अंदर आए और सभी को जल्दी से बाहर जाने के लिए कहा।"


Click it and Unblock the Notifications











