विवादों में पायल रोहतगी: महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू पर की आपत्तिजनक टिप्पणी- FIR दर्ज
अक्सर विवादों में रहने वाली एक्ट्रेस पायल रोहतगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। ये मामला महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। पायल रोहतगी के खिलाफ ये एफआईआर पुणे में दर्ज की गई है। उनपर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट की थी जिसमें उन्होंने नेहरू और गांधी फैमिली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
पायल रोहतगी पर आरोप है कि उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के खिलाफ एक वीडियो में आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसे लेकर उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 34, 153(a), 500, 505(2) के तहत मामला दर्ज हुआ है। ये पहली दफा नहीं है जब पायल रोहतगी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कंटेंट को लेकर मुसीबत हुई हो।

पुणे के कांग्रेस प्रवक्ता रमेश अय्यर ने कहा, "पायल रोहतगी ने बार-बार नेहरू गांधी परिवार के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की है। हमारे सामने एक ऐसा वीडियो भी सामने आया है जिसे देख मालूम पड़ता है कि ये नया वीडियो है जिसे हाल में ही बनाया गया है। इसके बाद पुणे सिटी कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने साइबर क्राइम सेल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। इस मामले में शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया गया है।
36 वर्षीय एक्ट्रेस पर पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं। इन विवादों के चलते उन्हें कार्रवाई का सामना भी करना पड़ा है। कुछ दिन पहले अपनी सोसाइटी में झगड़ा करने का आरोप लगा था। उन पर सोसायटी के चेयरमेन के ख़िलाफ़ सोशल मीडिया में गाली देने का आरोप लगा था। इस मामले में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।


Click it and Unblock the Notifications











