अहमदाबाद प्लेन क्रैश से 700 मीटर दूर था ये फिल्म मेकर, तभी से है लापता, फैमिली ने दिए DNA सैंपल

Ahmedabad Plane Crash Filmmaker Missing: अहमदाबाद प्लेन क्रैश के जख्म लंबे समय तक हरे रहने वाले हैं। अभी तक देश मातम में है। इसी बीच एक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। प्लेन क्रैश के समय से ही फिल्ममेकर महेश कलावड़िया के लापता होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि वो घटना से महज 700 मीटर की दूरी पर ही थे। अब फिल्म मेकर का पता लगाने के लिए परिवार ने डीएनए सैंपल सौंपे हैं।
महेश कलावड़िया कई म्यूजिक एल्बम का निर्देशन कर चुके है। महेश कलावड़िया की पत्नी हेतल ने बताया कि उस दोपहर वो लॉ गार्डन इलाके में किसी से मिलने गए थे। उन्हें महेश जीरावाला के नाम से भी जाना जाता था। हेतल ने कहा, 'मेरे पति ने मुझे दोपहर 1.14 बजे फोन करके बताया कि उनकी मुलाकात खत्म हो गई है और वो घर आ रहे हैं। हालांकि, जब वो वापस नहीं आए, तो मैंने उनके फोन पर कॉल किया, लेकिन वह स्विच ऑफ था। पुलिस को सूचित किए जाने के बाद, उनके मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन से पता चला कि वो दुर्घटनास्थल से 700 मीटर दूर थे।'
हेतल ने कहा, 'उनका फोन करीब 1:40 बजे बंद हो गया (विमान के उड़ान भरने के एक मिनट बाद)। उनका स्कूटर और मोबाइल फोन गायब है। ये सब असामान्य है क्योंकि वो घर आने के लिए कभी भी उस रास्ते का इस्तेमाल नहीं करते थे। हमने ये विश्लेषण के लिए डीएनए नमूने जमा किए हैं कि क्या वो दुर्घटना के कारण जमीन पर मारे गए लोगों में से एक थे।' क्योंकि अधिकतर शव इतने जल गए हैं कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही है, इसलिए अधिकारी इस भयावह त्रासदी में मारे गए लोगों की पहचान करने के लिए डीएनए टेस्ट करा रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद में विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले 47 लोगों की शिनाख्त डीएनए टेस्ट के जरिए कर ली गई है। अब तक 24 लोगों के शव परिजनों को सौंपे जा चुके हैं।बता दें कि गुरुवार को दोपहर 1:39 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एयर इंडिया का प्लेन क्रैश हो गया था। लंदन जा रहे इस प्लेन में 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई। विमान में सवार लोगों में से केवल एक व्यक्ति ही दुर्घटना में बच पाया। घटना में मेडिकल कॉलेज के पांच स्टूडेंट समेत 29 अन्य की भी मौत हो गई।


Click it and Unblock the Notifications