ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म को पूरा करेंगे फरहान अख्तर- सिनेमाघरों में रिलीज पक्की
इस हफ्ते की शुरुआत में बॉलीवुड ने अनुभवी अभिनेता ऋषि कपूर के रूप में एक बेशकीमती नगीना खो दिया है, जो दो साल तक ल्यूकेमिया से लड़ने के बाद ज़िन्दगी से जंग हार गए। ऋषि कपूर के निधन से ना सिर्फ उनके परिवार और फिल्म इंडस्ट्री को.. बल्कि उनके फैंस को भी गहरा झटका मिला है। वह हमेशा से लोगों के चहेते सितारा थे।
न्यूयॉर्क से अपने ट्रीटमेंट के बाद भारत लौटकर अभिनेता अपनी अगली फिल्म "शर्माजी नमकीन" की शूटिंग कर रहे थे, जो कि रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित है। फिल्म में ऋषि कपूर और जूही चावला की जोड़ी दिखेगी।

कुछ दिनों की शूटिंग बाकी होने के साथ फिल्म लगभग पूरी हो गई थी और अब एक विश्वसनीय स्रोत से हमें फ़िल्म से जुड़ी एक खास खबर पता लगी है।
सूत्र के अनुसार, "ऋषि कपूर फिल्म के मुख्य नायक थे और अभिनेता ने पहले ही प्रमुख भाग की शूटिंग कर ली गई थी। यह ऋषि कपूर का आखिरी प्रॉजेक्ट था जो पूरा होने वाला था और अब रितेश व फरहान फिल्म रिलीज करने के लिए सुनिश्चित है।"
सूत्र ने आगे कहा, "रितेश और फरहान फिल्म को पूरा करने के इरादे के साथ बेहद बारीकी से काम कर रहे हैं और इतना तो तय है कि फिल्म पूरी की जाएगी और यह सिनेमाघरों में रिलीज होगी।" फिल्म का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट ने हनी तेहरान और अभिषेक चौबे के साथ मिलकर किया है। यह हितेश भाटिया की बतौर निर्देशक पहली फिल्म होगी।


Click it and Unblock the Notifications