तीसमार ख़ां की तैयारी में फ़रहा ख़ान

‘मैं हूं ना’ और ‘ओम शांति ओम’ जैसी सफल फ़िल्मों के बाद फ़िल्म निर्देशक फ़रहा ख़ान अपनी अगली फ़िल्म की तैयारियों में जुटी हैं. इस फ़िल्म का दिलचस्प-सा नाम है– तीसमार ख़ां.
तीसमार ख़ां में अक्षय कुमार और अक्षय खन्ना की मुख्य भूमिका है.
फ़रहा ख़ान ने फ़िल्म की कहानी के बारे तो ज़्यादा नहीं बताया लेकिन इतना ज़रूर कहा कि फ़िल्म का हीरो एक अंतर्राष्ट्रीय ठग है जो ख़ुद को तीसमार ख़ां यानी चालाक समझता है.
फ़रहा कहती हैं, "फ़िल्म की पटकथा मेरे पति शिरीष कुंदर ने लिखी है. मैंने जब ये कहानी पढ़ी तो मुझे लगा कि ये तो मेरे टाइप की पटकथा है. इसमें ऐक्शन, ड्रामा और कॉमेडी सब कुछ है."
जब फ़रहा को स्क्रिप्ट पसंद आ गई और उन्होंने इसका निर्देशन करने का फ़ैसला किया और उनके पति शिरीष कुंदर बन गए तीस मार ख़ां के निर्माता.
अपनी व्यस्त ज़िंदगी के बावजूद फरहा अपने बच्चों को समय देना नहीं भूलतीं.
फ़रहा ने बीबीसी को बताया कि आजकल उन्हें पार्टियों से कोई लगाव नहीं रह गया है.
उन्होंने कहा, "मैं आजकल किसी दूसरे ही ग्रह में हूं, हर वक़्त यही सोचती हूं कि भागकर घर जाऊं और उन तीनों को उठाकर समंदर के किनारे ले जाऊं."
फ़रहा ख़ान कहती हैं अब आगे से वो जो भी फ़िल्म करेंगी, उसके सेट पर उनके बच्चों के लिए भी ख़ास इंतज़ाम होंगे.
वैसे आजकल तो फ़रहा ख़ान की एक ही ख़्वाहिश है कि तीसमार ख़ां एक बहुत बड़ी हिट फ़िल्म हो.


Click it and Unblock the Notifications