अमिताभ ने लिखा 'नम हो गई थीं मेरी आंखें'

अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में इस महान क्षण का उल्लेख करते हुए लिखा है कि लोगों के इस सम्मान से उनकी आंखें नम हो गईं। अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर लिखा है, "मुझे गर्व का अनुभव हुआ। भारत की राष्ट्रपति 'पा' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार दे रही थीं। दर्शकों ने खड़े होकर स्वागत किया, जिसे देखकर आंखें नम हो गईं। एक औपचारिक समारोह में ऐसा होना असामान्य बात थी। राष्ट्रपति ने धीरे से मुझसे कहा कि उन्होंने मेरी यह फिल्म देखी है जो उन्हें पसंद आई। मैं शर्माकर मुस्कुरा दिया।"
बिग बी ने लिखा है कि वह इस राष्ट्रीय पहचान के लिए देश को धन्यवाद देते हैं। अमिताभ को 'पा' फिल्म में प्राजेरिया से पीड़ित बच्चे की भूमिका निभाने के लिए ये पुरस्कार दिया गया। यह उनका चौथा राष्ट्रीय पुरस्कार है। अभिषेक बच्चन द्वारा निर्मित और बाल्की द्वारा निर्देशित इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार भी मिला। इस अवसर पर जया बच्चन, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय अमिताभ की बेटी श्वेता नंदा और दामाद निखिल नंदा भी मौजूद थे।


Click it and Unblock the Notifications











