EXCLUSIVE: बिग बजट फिल्में और सुपरस्टार्स की फीस पर नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने दिया रिएक्शन

Nawazuddin Siddiqui: बीते काफी समय से बोला जा रहा है कि अब ग्रैंड- बिग स्केल फिल्मों का जमाना है और दर्शक सिर्फ उन्हीं फिल्मों को देखने के लिए थियेटर आएगी। जिसका नतीजा है कि आजकल एक के बाद एक 100 करोड़, 200 करोड़, 500 करोड़ की फिल्में बन रही हैं। फिल्मों के बढ़ते बजट पर अब अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
फिल्मीबीट से बात करते हुए नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा, "आज बजट के हिसाब से तो फिल्में बड़ी होती जा रही हैं, लेकिन कंटेंट बहुत सतही लिखा जा रहा है। मेकर्स ये नहीं सोच रहे कि बजट बढ़ाने से ऑडियंस को मिल क्या रहा है? देख कौन रहा है फिल्में? जो अच्छे राइटर्स भी हैं हमारे यहां, उन्हें तवज्जो देनी चाहिए। ये बहुत जरूरी है।"
रिपीटेटिव हो रहा है फिल्म का कंटेंट
एक्टर ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि हिंदी सिनेमा का जो अभी कंटेंट है, वो बहुत ही रिपीटेटिव हो रहा है। पैंडेमिक से पहले कुछ वक्त के लिए काफी अच्छी फिल्में आईं। लोगों का रिस्पॉस भी बहुत अच्छा रहा, फिल्में हिट हुईं। लेकिन पैंडेमिक के बाद सबने सोचा कुछ और था, हो कुछ और गया। दर्शक अब आ ही नहीं रही है थियेटर्स तक। और बहुत सारे कारण हैं इसके पीछे; चाहे वो टिकटों की कीमत हो या लोगों का इंस्टाग्राम और रील्स में ज्यादा वक्त देना हो। साथ ही लोगों को घर में आराम से बैठकर ओटीटी कंटेंट देखने की भी आदत हो गई है। उसे सब ओटीटी पर मिल रहा है तो वो क्यों जाएगा बाहर, जब तक आप उसे कुछ बेहतरीन नहीं देंगे।"
स्टार्स के नाम पर अब थियेटर नहीं आते हैं दर्शक
वहीं, सुपरस्टार्स की भारी भरकम फीस के बारे में बात करते हुए नवाज ने कहा, "ये पहले देखा जाता था कि बहुत बड़ा स्टार है, उसकी एक फैन फॉलोइंग है तो लोग उसे देखने के लिए फिल्म भी देखने आ रहे हैं। लेकिन अब तो वो भी सीन नहीं है, तो फिर किस बात का पैसा। बहुत मेकर्स तो अब ये भी कर रहे हैं कि फीस की जगह मुनाफा दे रहे हैं। यदि फिल्म चली, प्रॉफिट हुआ, तो कुछ आप भी ले जाना। ये सही भी है। दूसरी बात ये है कि यदि कोई स्टार फिल्म कर रहा है, उसकी फैन फॉलोइंग है, लेकिन उसके बाद भी फिल्म नहीं चली, तो उसका दोष भी सिर्फ स्टार पर नहीं, बल्कि उसके राइटर और डायरेक्टर भी जाना चाहिए। फिल्म में सभी बराबर के भागीदार होते हैं।"


Click it and Unblock the Notifications











