EXCLUSIVE: विंदू दारा सिंह ने राजू श्रीवास्तव को किया याद, कहा- देश के सबसे पहले और सबसे अनमोल कॉमेडियन
कॉमेडी की दुनिया के एक चर्चित चेहरे ने आज दुनिया को अलविदा कह दिया। कॉमेडियन और अभिनेता राजू श्रीवास्तव अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने बुधवार को दिल्ली के एम्स में आखिरी सांस ली। 10 अगस्त को जिम में वर्कआउट करने के दौरान राजू श्रीवास्तव को हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में एडमिट कराया गया था। जिंदगी और मौत के बीच चले लंबे संघर्ष के बाद आज राजू ने आखिरी सांसे लीं।
राजू श्रीवास्तव ने कॉमेडी की दुनिया से लेकर फिल्मों और रिएलिटी शोज में भी खूब नाम कमाया था। वह बिग बॉस 3 का भी हिस्सा रहे थे। बिग बॉस के घर में राजू साथ कंटेस्टेंट रहे विंदू दारा सिंह ने उनके साथ बिताए समय को याद करते हुए फिल्मीबीट के साथ खास बातचीत की।

राजू श्रीवास्तव के साथ बिताए समय को याद करते हुए विंदू दारा सिंह ने कहा, "हमने साथ में जो पल बिताए, वो अनमोल हैं। बिग बॉस के घर में राजू के साथ बिताया गया वक्त, हर लम्हा.. मेरे दिल में हमेशा के लिए रहेगा। वह एक शानदार कॉमेडियन थे.. देश के सबसे पहले और सबसे अनमोल। वह हमेशा उन विषयों पर जोक बनाया करते थे, जिन्हें बताया जाना ज़रूरी था, समाज से जुड़ी समस्याओं को वो कॉमेडी के जरीए सामने लाते थे। वह गंभीर विषयों को भी किसी तरह मजाकिया बना देते थे।"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने बिग बॉस के घर में उनसे जो सलाह साझा की वह यह थी कि बस हमें हंसाते रहो। बिग बॉस में होने का कोई तनाव मत लो। लेकिन घर में सबसे प्रसिद्ध और सबसे अच्छे लोगों में से एक होने के बावजूद वह बेदखल होने के बारे में चिंतित होते थे।"
बता दें, राजू श्रीवास्तव का कल यानी गुरुवार को दिल्ली में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक कल सुबह उनका अंतिम संस्कार होगा। सालों तक लोगों को अपनी कॉमेडी से गुदगुदाने वाले राजू श्रीवास्तव के जाने से उनके फैंस और इंडस्ट्री में भी गम का माहौल है।


Click it and Unblock the Notifications











