EXCLUSIVE: सिनेमा में 10 सालों के सफर और हिंदी फिल्मों के चुनाव पर दुलकर सलमान- 'मुझे अपनी जर्नी पर गर्व है'
तेलुगु फिल्म 'सीता रामम' के लिए देश भर से जबरदस्त प्यार और सराहना पाने वाले मलयालम सुपरस्टार दुलकर सलमान अब आर बाल्की के निर्देशन में बनी हिंदी फिल्म 'चुप' की रिलीज के इंतजार में हैं। सनी देओल, दुलकर सलमान, पूजा भट्ट और श्रेया धनवंतरी स्टारर फिल्म 'चुप' 23 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
Recommended Video
चुप की रिलीज से पहले, फिल्मीबीट के साथ एक विशेष बातचीत में, दुलकर सलमान ने सिनेमा में अपने 10 सालों के सफर पर खुलकर बात की। साथ ही अपने हिंदी फिल्मों में चयन प्रक्रिया के बारे में भी बताया।

"मुझे अपने सफर पर गर्व है"
सिनेमा में अपने 10 सालों के सफर पर बात करते हुए दुलकर सलमान ने कहा, "मुझे अपने सफर पर गर्व है। मुझे इस फिल्मोग्राफी से जलन होती, अगर यह किसी और की होती। मैंने अपने करियर में वही फिल्में की हैं, जो मुझे दिल से पसंद आई। और इसकी कोई योजना नहीं थी। जो मेरे रास्ते में आता गया, मैंने उसी में से चुनाव किया। प्रत्येक फिल्म अगली महत्वपूर्ण फिल्म के लिए दरवाजे खोलती है। आप मेरी फिल्मोग्राफी की हर तमिल, तेलुगु, हिंदी फिल्मों को देखकर समझ सकते हैं। कुछ बहुत ही बेहतरीन फिल्में मैंने मलयालम में की हैं। और मैं आज एक ऐसी स्थिति में हूं जहां मैं चारों भाषाओं में कुछ अद्भुत काम चुन सकता हूं। लेकिन ये भी सच है कि अगर आपने मुझे यह 10 साल पहले कहा होता.. कि मेरी जर्नी ऐसी होने वाली है, तो मुझे कभी विश्वास नहीं होता।"
"कई इंडस्ट्री में एक साथ स्टार बनना असंभव है"
वहीं, अपने हिंदी फिल्मों के चुनाव पर बात करते दुलकर ने फिल्मीबीट से कहा, "अब मैं एक अभिनेता के रूप में सुरक्षित महसूस करता हूं। मैं हिंदी में जो कुछ भी करता हूं, मेरे लिए महत्वपूर्ण है कि उसके जरीए मैं एक स्टार से ज्यादा, एक अच्छे अभिनेता के रूप में जाना जाऊं। कई इंडस्ट्री में एक साथ स्टार बनना वास्तव में असंभव है। यहां ऐसे लोग हैं जो अपना पूरा जीवन बॉलीवुड स्टार बनने के लिए लगा रहे हैं, ऐसे में मैं बीच बीच में आकर एक- दो फिल्में करके स्टारडम की उम्मीद नहीं कर सकता। मुझे लगता है, मैं यहां जो भी काम करता हूं, उसके जरीए मैं लोगों के दिल- दिमाग में रहना पसंद करूंगा, एक ऐसे एक्टर के तौर पर जो कुछ दिलचस्प किरदार करता है।"


Click it and Unblock the Notifications












