करीना से पहले दुल्हन बनेंगी ऐशा देओल
हाल ही में बॉलीवुड की बेबो करीना कपूर और सैफ अली खान की शादी की चर्चाएं हो रही थीं और अब खबर आई है कि ऐशा देओल की शादी की तारीख 29 जून तय हो गई है।
ड्रीमगर्ल हेमा मालिनी की बेटी ऐशा देओल की 12 फरवरी को भरत तख्तानी के साथ सगाई हुई थी। ये सगाई किसी फाइव स्टार होटल में नहीं बल्कि हेमा के बंगले में सिर्फ कुछ खास मेहमानों के बीच सम्पन्न हुई।
हेमा ने पीटीआई को बताया "हम लोग बहुत खुश और उत्साहित हैं। तैयारियां शुरु हो चुकी हैं। शादी 29 जून को एक मंदिर में होगी। हम चाहते थे कि ये शादी मंदिर में ही हो। रिसेप्शन 30 जून को एक फाइव स्टार होटल में होगा। हम बस सभी की दुआएं और प्यार चाहते हैं। "
हेमा के अनुसार शादी में बहुत लोगों को नहीं बुलाया गया है। सिर्फ कुछ करीबी रिश्तेदार और दोस्त इसमें शामिल होंगे। जबकि रिसेप्शन काफी बड़े स्तर पर एक फाइव स्टार होटल में होगा। बॉलीवुड के लगभग सभी बड़े कलाकरों के इस शादी में शामिल होने की पूरी संभावना है।
ज्ञात हो कि ऐशा हेमा और धर्मेंद्र की बेटी है और सनी देओल व अभय देओल ऐशा के भाई। अपनी बेटी ऐशा की शादी की बात सुनकर धर्मेंद्र भी काफी खुश हैं।
ऐशा देओल और बिज़नेसमैन भारत तख्तानी काफी समय से एक दूसरे के साथ साथ नज़र आ रहे हैं। ऐशा ने पिछले साल हेमा के प्रोडक्शन में बनी फिल्म 'टेल मी ओ खुदा' में काम करने के बाद ही शादी के लिए हां की।
अब ऐशा का फिल्मी करियर देखा जाए तो उनके हिस्से मे बहुत कम हिट फिल्में आई हैं। धूम, युवा ये कुछ फिल्में हैं जो बॉक्स ऑफिस में कुछ कमाल दिखा पाईं।


Click it and Unblock the Notifications












