अमिताभ बच्चन के साथ काम करके उत्साहित हैं इमरान हाशमी, कहा- 'यह मेरे लिए एक उपलब्धि है'
रूमी जाफरी के निर्देशन में बनी मिस्ट्री- थ्रिलर फिल्म 'चेहरे' में इमरान हाशमी और अमिताभ बच्चन मुख्य किरदारों में नजर आने वाले हैं। पहली बार ये दो सितारे एक साथ काम कर रहे हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान इमरान हाशमी ने बिग बी के साथ स्क्रीन शेयर करने का उत्साह जताया है और कहा कि, 'यह मेरे लिए एक उपलब्धि है'।
अभिनेता ने अमिताभ बच्चन के साथ काम करने को लेकर अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा, "मेरा लंबा इंतजार खत्म हो गया जब मुझे अभिताभ बच्चन के साथ काम करने का मौका मिला। हर कलाकार जो हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में आता है, वो उनके साथ काम करने का सपना देखता है। मैं भी उनके साथ काम करने का इच्छा रखता था। यह मेरे फिल्मी जीवन की बहुत बड़ी उपलब्धि है, फिल्म में वह मेरे सह अभिनेता होने से ज्यादा मेरे शिक्षक और अच्छे दोस्त रहे हैं।"

इमरान ने आगे कहा, "मैं अमिताभ बच्चन के साथ अभिनय करके खुश भी था, लेकिन वहीं थोड़ी घबराहट भी हो रही थी। वह अपने आप में अभिनय का एक संस्थान है। वह फिल्म के सेट पर जिस तरह काम करते है वह बहुत सराहनीय है, मैंने इस फिल्म की शूटिंग के दौरान उनसे बहुत कुछ सीखा है।"
'चेहरे' 9 अप्रैल 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में सिद्धांत कपूर, क्रिस्टल डिसूजा, रघुवीर यादव और अन्नू कपूर जैसे कलाकार भी हैं। चेहरे में अमिताभ बच्चन एक रिटायर्ड वकील का किरदार अदा कर रहे हैं।
बता दें, पहले यह फिल्म 30 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी, लेकिन इसे तीन हफ्ते प्रीपोन कर दिया गया है। अब यह 9 अप्रैल को सिनेमाघरों में सोलो रिलीज हो रही है।


Click it and Unblock the Notifications