'आवारापन 2' की शूटिंग के समय घायल हो गए थे इमरान हाशमी, पेट में लगी दर्दनाक चोट

Emraan Hashmi Injured: बॉलीवुड में कभी 'सीरियल किसर' कहलाने वाले इमरान हाशमी आज एक मेहनती और दमदार एक्टर के रूप में जाने जाते हैं। इन दिनों वह अपनी फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी चोट है।
हाल ही में फिल्म 'आवारापन 2' की शूटिंग के दौरान इमरान हाशमी बुरी तरह घायल हो गए। राजस्थान में शूट हो रहे एक एक्शन सीन के दौरान एक स्टंट करते समय उनके पेट में अंदरूनी चोट लग गई। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां डॉक्टरों को उनकी इमरजेंसी सर्जरी करनी पड़ी।
इसके बाद सोशल मीडिया पर इमरान की एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें उनके पेट पर पट्टी बंधी दिखी। यह देखकर फैंस काफी परेशान हो गए। हालांकि अच्छी खबर यह है कि सर्जरी सफल रही और अब उनकी हालत ठीक है।
इमरान हाशमी अपने काम को लेकर काफी प्रोफेशनल माने जाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉक्टरों की मना करने के बावजूद वह कुछ ही समय बाद दोबारा शूटिंग पर लौट आए। फिलहाल उनकी सेहत को देखते हुए शूटिंग का तरीका बदला गया है। अभी उनसे सिर्फ डायलॉग और सामान्य सीन ही करवाए जा रहे हैं, जबकि एक्शन सीन बाद में शूट होंगे।
यह पहली बार नहीं है जब चोट के बाद भी इमरान ने काम जारी रखा हो। इससे पहले तेलुगु फिल्म 'गुडाचारी 2' के सेट पर भी उन्हें गले में चोट लगी थी, लेकिन तब भी उन्होंने शूटिंग नहीं रोकी।
बता दें कि साल 2007 में आई फिल्म 'आवारापन' के सीक्वल का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। 'आवारापन 2' में इस बार इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी नजर आएंगी।


Click it and Unblock the Notifications











