शिक्षा मंत्री ने अजय देवगन की फिल्म 'थैंक गॉड' को लेकर जताया विरोध, प्रतिबंध लगाने की मांग!
अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म थैंक गॉड इस वक्त चर्चा में है और इसको लेकर कई तरह की खबरें और विवाद सामने आ रहे हैं। इस वक्त मध्य प्रदेश से खबर आ रही है कि यहां के शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने मंगलवार को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की आने वाली फिल्म थैंक गॉड पर प्रतिबंध लगाने के संबंध में एक पत्र लिखा।
जी हां, इस पत्र के बाद से ही सोशल मीडिया पर भी लोग रिएक्ट कर रहे हैं और उनका कहना है कि इस फिल्म में हिंदू देवताओं का अनुचित चित्रण किया गया है। इस पत्र में इसी को लेकर दावा किया गया है।

इस बीच, सूचना और प्रसारण मंत्रालय के एक आधिकारिक बयान का अभी इंतजार है। इस फिल्म को लेकर इसके पहले भी वकील हिमांशु श्रीवास्तव ने जौनपुर कोर्ट में डायरेक्टर इंद्र कुमार, एक्टर अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा के खिलाफ केस दर्ज कराया था।

धर्म का मजाक
इस रिपोर्ट में आरोप था कि फिल्म के ट्रेलर ने धर्म का मजाक उड़ाया है और धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।

चित्रगुप्त का किरदार निभाते नजर आ रहे हैं
अपनी याचिका में श्रीवास्तव ने कहा कि अजय देवगन सूट पहने हुए चित्रगुप्त का किरदार निभाते नजर आ रहे हैं और एक सीन में वह चुटकुले सुनाते और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं।

कर्म का देवता माना जाता है
याचिका में कहा गया है, "चित्रगुप्त को कर्म का देवता माना जाता है और वह एक आदमी के अच्छे और बुरे कर्मों का रिकॉर्ड रखता है।

अप्रिय स्थिति पैदा कर सकता है
देवताओं का ऐसा चित्रण एक अप्रिय स्थिति पैदा कर सकता है क्योंकि यह धार्मिक भावनाओं को आहत करता है।" याचिकाकर्ता का बयान 18 नवंबर को दर्ज किया जाएगा।

नहीं सामने आया बयान
हालांकि देखने वाली बात तो ये होगी फिल्म रिलीज के समय तक इसको लेकर और भी विवाद होते हैं या नहीं। फिल्म के इस विरोध को लेकर ना तो अजय देवगन और ना इंद्र कुमार की तरफ से किसी तरह का बयान सामने आया है।


Click it and Unblock the Notifications











