शाहरूख़ और काजोल फिर साथ-साथ

By Staff
शाहरूख़ और काजोल फिर साथ-साथ

दुर्गेश उपाध्याय

बीबीसी संवाददाता, मुंबई

शाहरूख़ खा़न और उनके निर्माता-निर्देशक दोस्त करण जौहर ने अपनी फिल्म 'माई नेम इज़ ख़ान' के वितरण के लिए हॉलीवुड के फ़ॉक्स स्टार स्टूडियो के साथ क़रार किया है.

फ़ॉक्स स्टार स्टूडियो ने वित्तीय मदद पहुंचाने के साथ-साथ बड़े बजट की इस फ़िल्म के वितरण की भी ज़िम्मेदारी ली है.

माना जा रहा है कि इस पूरी प्रक्रिया में फॉक्स स्टार स्टूडियो 100 करोड़ रुपए खर्च करेगी. शाहरूख़ और करण साथ मिलकर इस फ़िल्म के निर्माण का काम देख रहे हैं.

गुरुवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में दोनों ने इस क़रार के बारे में जानकारी दी. शाहरूख़ ने कहा, "हमें खुशी है कि फ़ॉक्स स्टार स्टूडियो इस फ़िल्म की जिम्मेदारी ले रहा है. अलग भाषा की फ़िल्म होने के बावजूद इतने बड़े स्टूडियो का इसके साथ जुड़ना बड़ी बात है. इस फिल्म में हमने थोड़ी बहुत अंग्रेजी बोली है. फ़ॉक्स स्टूडियो की इस पहल से भारतीय सिनेमा को काफ़ी मदद मिलेगी।"

'माई नेम इज़ खान' में शाहरूख़ के अलावा काजोल मुख्य भूमिका में दिखेंगी.

बॉलीवुड को 'दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे', 'बाजीगर', 'करण-अर्जुन' जैसी फ़िल्में दे चुकी ये जोड़ी आठ साल के अंतराल के बाद एक बार फिर साथ दिखेगी.

नक़ल से दुखी हैं सनी

अभिनेता सनी देओल ने अपनी नक़ल (मिमिक्री) से नाराज़ होकर एक निजी एफ़एम रेडियो को मानहानि का नोटिस भेजा है.

'सन सनी विद पापा' नाम के इस कार्यक्रम में देओल परिवार की नकल उतारे जाने से दुखी होकर सनी ने रेडियो स्टेशन से कार्यक्रम बंद करने या मानहानि का मामला का सामना करने को कहा है.

मुक़दमा होने पर सनी 200 करोड़ रुपए का हर्जाना मांगने वाले हैं. सनी के वकील के मुताबिक उन्होंने रेडियो स्टेशन को नोटिस का जवाब देने के लिए एक हफ़्ते का वक़्त दिया है. सनी के वकील का कहना है कि अगर ज़रूरत हुई तो चैनल के ख़िलाफ़ आपराधिक मामला भी दर्ज किया जाएगा.

वैसे सनी प्रेस कांफ्रेंस में काफ़ी संयत रहने की कोशिश कर रहे थे.

विशाल की तारीफ़ में अक्षय

भले ही अभी 'कमीने' फ़िल्म के रिलीज़ होने में एक हफ़्ते का वक़्त हो, विशाल भारद्वाज के काम से अक्षय कुमार काफ़ी प्रभावित हैं. उन्होंने विशाल भारद्वाज के साथ काम करने की इच्छा जताई है.अक्षय मानते हैं कि विशाल जहां एक तरफ रियल लाइफ़ सिनेमा बनाते हैं, वहीं उनकी फ़िल्मों में मनोरंजन भी होता है.

बस क्या था यह सुनते ही विशाल अपनी स्क्रिप्ट के साथ अक्षय से मिलने जा पहुंचे.

बताया जा रहा है कि अक्षय को विशाल की स्क्रिप्ट काफ़ी पसंद आई है और वो उस फ़िल्म में काम करने के इच्छुक भी हैं.

चलिए हम उम्मीद करते हैं कि जिस तरह से आपने 'ओंकारा' में सैफ़ अली ख़ान से बेहतरीन अदाकारी करवा ली वैसे ही खिलाड़ी कुमार को भी शानदार रोल ऑफ़र करेंगे.

कमीने के गाने के दीवाने

भले ही शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्म 'दिल से' का मशहूर गाना छैंया छैंया हॉलीवुड की फ़िल्म 'इनसाइड मैन' के साउंड ट्रैक का हिस्सा बना हो और उर्मिला मातोंडकर का छम्मा छम्मा गीत विदेशों में भी ख़ासा मशहूर हुआ हो लेकिन ये भी ख़बर कम चौंकाने वाली तो नहीं है.

सुनने में आया है कि शाहिद कपूर की फ़िल्म कमीने का गाना 'ढैं टणन' इन दिनों लंदन के पब्स में काफी बज रहा है.

सूत्रों की मानें तो लंदन के नाइटक्लब मिनिस्ट्री ऑफ साउंड में यह गाना इन दिनों कई बार बजाया जा रहा है और लोग इसका जमकर मज़ा उठा रहे हैं.

ज़ाहिर है कि इस बात से सबसे ज्यादा ख़ुशी तो शाहिद को ही होगी.

रामू का अनोखा अंदाज़

राम गोपाल वर्मा का भी जवाब नहीं. इस बार उन्होंने अपनी फ़िल्म के प्रचार का ऐसा तरीका ढूंढा कि सुनकर आप भी दंग रह जाएंगे.

दरअसल उनकी फ़िल्म अज्ञात एक सस्पैंस थ्रिलर है. रामू ने मुंबई में कई जगहों पर एक ऐसा डमी खड़ा करवाया जिसे देखकर अच्छे अच्छों की जान निकल जाए. इस डम्मी के मुंह से 'खून' निकल रहा था और ऐसा लग रहा था कि इन आदमी ने आत्महत्या कर ली है. लोगों के लिए ये पहचानना मुश्किल हो गया कि ये असली है या नकली.

आनन फानन में पुलिस को ख़बर की गई और आख़िर में पता चला कि साहब, ये तो पुतला है. रामू जी, फ़िल्म के प्रचार का यह तरीका तो बिल्कुल नायाब निकला..

मल्लिका की चाहत

सुनने में आया है कि मल्लिका शेरावत ने इच्छा जताई है कि मशहूर हॉलीवुड सीरिज 'चार्लीज़ एंजेल्स' का देसी वर्जन बनाया जाए और वो उसमें अभिनय करें.

इतना ही नहीं उन्होंने तो बाकी के दो पात्रो के बारे में भी अपनी राय दे डाली है.

वो चाहती हैं कि बिपाशा और प्रियंका चोपड़ा बाकी के दो चरित्र निभाएं.

भई मल्लिका आपकी चाहत का भी जवाब नहीं...

(इस डायरी पर हमें अपनी राय से अवगत करवाएँ [email protected] पर)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+
X