नवाब मलिक का गंभीर आरोप- आर्यन खान को किडनैप किया, करोड़ों की फिरौती मांगी गई
vआर्यन खान ड्रग केस को लेकर लगातार कई नए खुलासे सामने आ रहे हैं। आर्यन खान को ड्रग केस में जमानत मिल चुकी है। लेकिन इस केस को लेकर अब यह आरोप लगा है कि आर्यन खान को किडनैप करने की कोशिश की गई। महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी के नेता नवाब मलिक ने इस पूरे मामले पर सबसे बड़ा खुलासा किया है।
नवाब मलिक ने कई बड़े दावे किए हैं। साथ ही उन्होंने इस पर बीजेपी नेता मोहित कंबोज पर भी गंभीर आरोप लगाया है। रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान नवाब मलिक ने आरोप लगाया है कि यह पूरा मामला अपहरण और फिरौती का है। मुंबई क्रूज पार्टी में आर्यन खान टिकट खरीदकर नहीं गए थे।

आर्यन खान को क्रूज पर प्रतीक गाबा और आमिर फर्नीचरवाला लेकर गए थे। आर्यन खान को किडनैप किया गया है। 25 करोड़ की फिरौती मांगी गई थी। बीजेपी नेता मोहित कंबोज फिरौती मांगने में समीर वानखेड़े का पार्टनर है। आर्यन खान को इस पूरे मामले में फंसाया गया है। लेकिन एक सेल्फी ने यह पूरा गेम बिगाड़ दिया है।

करोड़ों का सौदा
उन्होंने यह भी कहा कि 18 करोड़ रुपए में इसका सौदा हुआ है। 50 लाख रुपए दिए गए हैं। नवाब मलिक ने बीजेपी नेता मोहित कंबोज पर निशाना साधते हुए कहा कि मोहित कंबोज मुंबई में 11 होटल चलाता है। नवाब मलिक ने यह भी कहा है कि वह वानखेड़े और मोहित कंबोज की मीटिंग का वीडियो भी जारी करेंगे। मलिक ने इस संबंध में कहा है कि सीसीटीवी बंद था, इस मामले में वानखेड़े का नसीब अच्छा है।

नवाब मलिक का आरोप
हमें फुटेज नहीं मिला। वानखेड़े घबराहट में चले गए कि कोई उनका पीछा कर रहा है। नवाब मलिक ने सीधे तौर पर कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को डराया जा रहा है, ताकि उनसे हजारों करोड़ों की उगाही की जाए। यह खेल वानखेड़े खेल रहे हैं।

शहर को पाताललोक बना दिया
नवाब मलिक ने यह भी कहा कि वानखेड़े की आर्मी कई ड्रग पैडलर से उगाही करती है। वानखेड़े ने इस शहर को पाताललोक बना दिया है। नवाब मलिक ने साफ किया कि मैं एनसीबी या बीजेपी से नहीं लड़ रहा हूं। मैं गलत लोगों के खिलाफ लड़ रहा हूं।


Click it and Unblock the Notifications











