'डॉक्टर G' ट्रेलर रिलीज, इस कॉमेडी ड्रामा में गायनोकोलॉजिस्ट बने हैं आयुष्मान खुराना, मजेदार अंदाज
आयुष्मान खुराना, रकुल प्रीत सिंह और शेफाली शाह स्टारर फिल्म 'डॉक्टर जी' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। अनुभूति कश्यप के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आयुष्मान एक गायनोकोलॉजिस्ट की भूमिका में दिखेंगे। फिल्म का ट्रेलर उनकी मेडिकल जर्नी की दुनिया की एक झलक पेश करती है। कहना गलत नहीं होगा कि आयुष्मान एक बार फिर काफी अलग विषय लेकर दर्शकों के सामने आने वाले हैं।
फिल्म के बारे में बात करते हुए, आयुष्मान ने आईएएनएस को बताया, "डॉक्टर जी एक ऐसा विषय है जो लोगों को मनोरंजक तरीके से एक महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दे के बारे में सोचने पर मजबूर कर देगा। यह एक संदेश के साथ एक शानदार विषय है जो लोगों के दिलों को आकर्षित करेगा। यह वो सिनेमा का ब्रांड है जो फिल्मों में मेरी पहचान बन गया है।"

डॉक्टर जी की कास्ट में रकुल प्रीत सिंह, डॉ फातिमा सिद्दीकी के रूप में और शेफाली शाह, डॉ नंदिनी श्रीवास्तव के रूप में दिखाई देंगी। वहीं फिल्म में शीबा चड्ढा भी आयुष्मान खुराना की मां के किरदार एक प्रमुख भूमिका में हैं।
फिल्म में आयुष्मान डॉक्टर उदय गुप्ता के किरदार में नजर आएंगे। वह हड्डियों के डॉक्टर बनना चाहते थे, लेकिन उन्हें गायनोकोलॉजी की फील्ड मिल जाती है। मन मारकर किसी तरह वे अपना काम करने की पूरी कोशिश करते हैं, लेकिन इस दौरान उन्हें काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है।
खास बात है कि फिल्म के ट्रेलर को सोशल मीडिया पर काफी पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिल रही है और लोगों को आयुष्मान का यह अंदाज पसंद आ रहा है। बता दें, यह मेडिकल कैंपस कॉमेडी-ड्रामा 14 अक्टूबर को रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।


Click it and Unblock the Notifications











