अनुराग कश्यप के खिलाफ यौन शोषण मामले पर बोलीं पायल घोष- 'क्या मेरे मरने पर कार्रवाई शुरू होगी!'
कुछ महीनों पहले एक्ट्रेस पायल घोष ने फिल्ममेकर अनुराग कश्यप पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। उन्होंने इस मामले की एफआईआर भी दर्ज करवाई थी। जिसके बाद अनुराग से पुलिस ने पूछताछ भी की थी। अब पायल ने अब ट्विट करके कहा है कि वह अनुराग कश्यप पर पुलिस की कार्रवाई से बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। 4 महीने हो चुके हैं और पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
बता दें, पायल ने अनुराग कश्यप के खिलाफ दुष्कर्म, गलत इरादे से रोकने और महिला का अपमान करने का आरोप लगाया है। लेकिन अनुराग ने पायल घोष द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन किया है।

इस मामले पर ट्विट करते हुए पायल ने लिखा- "अब 4 महीने हो गए हैं लेकिन मेरे सबूत दिए जाने के बाद भी अनुराग कश्यप के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया है। क्या मेरे मरने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ेगी?"
दूसरे ट्विट में उन्होंने लिखा- "अब काफी वक्त बीत चुका है लेकिन मुंबई पुलिस ने अपना काम नहीं किया है। मेरी दिल से यह गुजारिश है कि कार्रवाई आगे बढ़े.. यह एक महिला का मामला है और हमें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि हम क्या उदाहरण पेश कर रहे हैं।"
पायल घोष ने दावा किया है कि कश्यप ने साल 2014 में उनके साथ जबरदस्ती की थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि अनुराग कश्यप ने उनके सामने कपड़े उतारे थे और उनके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी।इस मामले को लेकर उन्होंने वर्सोवा पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।


Click it and Unblock the Notifications












