'इरफान खान की दोस्ती के लिए उनका शुक्रगुजार हूं'- Thanksgiving पर रितेश बत्रा ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट
फिल्मकार रितेश बत्रा ने थैंक्सगिविंग के मौके पर दिवंगत अभिनेता इरफान खान को याद करते हुए कहा कि भले ही वह अब इस दुनिया में नहीं रहे हैं, लेकिन अपनी विरासत के माध्यम से वह सिनेमाई जगत में अभी भी जीवित हैं। इरफान ने रितेश बत्रा की फिल्म 'लंचबॉक्स' में काम किया था, जिसके लिए उन्हें काफी सराहना मिली थी। यह इरफान की चर्चित फिल्मों में शामिल रही।
बता दें, 29 अप्रैल 2020 को दिग्गज अभिनेता इरफान खान ने दुनिया को अलविदा कह दिया था। वो लंबे समय से कैंसर से लड़ रहे थे। पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित और बॉलीवुड के सबसे टैलेंटेड कलाकारों में गिने जाने वाले इरफान खान को कोलोन इन्फेक्शन के कारण मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

अभिनेता को याद करते हुए रितेश बत्रा ने लिखा, "मैं उनकी दोस्ती और हमने साथ में मिलकर जो फिल्म बनाई थी, उसके लिए उनका शुक्रगुजार हूं। इस साल हमने उन्हें खो दिया है, लेकिन मैं जानता हूं कि वह हमेशा हमारे साथ ही हैं।"
रितेश बत्रा के निर्देशन में बनी 'लंचबॉक्स' साल 2013 में रिलीज हुई थी। यह फिल्म कई प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में दिखाई जा चुकी है और 66वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में फिल्म को क्रिटिक्स वीक व्यूअर्स च्वाइस अवॉर्ड से सम्मानित भी किया जा चुका है।


Click it and Unblock the Notifications











