दिलीप कुमार के फेफड़ों में इंफेक्शन, अस्पताल में भर्ती
बॉलीवुड लीजेंड दिलीप कुमार के फेफड़ों में इंफेक्शन होने के कारण उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंफेक्शन की वजह से उन्हें निमोनिया भी हो गया है। दिलीप साहब उर्फ यूसुफ खान 91 वर्ष के हैं। डॉक्टरों ने बताया है कि उनका स्वास्थ्य पहले से अब बेहतर है।

पहले खबर आयी थी कि दिलिप साहब को आईसीयू में रखा गया है, जबकि अस्पताल के डॉक्टर जलील पारकर ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि दिलीप साहब फिलहाल ठीक हैं और उन्हें आईसीयू में नहीं रखा गया है। डॉक्टर के अनुसार उन्हें निमोनिया हुआ है और एंटीबायोटिक दवाएं दी जा रही हैं। गौरतलब है कि दिलीप साहब को सितंबर में माइल्ड हार्ट अटैक आया था।
दिलीप साहब के करीबी ने बताया कि पूरा घर उनके 11 दिसंबर को आने वाले जन्म दिन की तैयारी कर रहा है। उम्मीद है तब तक दिलिप साहब अस्पताल से डिसचार्ज हो जायेंगे।
दिलीप कुमार ने 6 दशकों तक अपनी सेवाएं बॉलीवुड को दीं। उन्हें किंग ऑफ ट्रैजेडी कहा जाता था। देवदास, मधुमति, मुगल-ए-आजम, गंगा जमुना जैसी तमाम हिट फिल्में उन्होंने दी।
दिलीप साहब का जन्म 1922 में पेशावर (जो अब पाकिस्तान में है) में हुआ था। दिलीप साहब पहले ऐसे अभिनेता हैं, जिन्हें बेस्ट ऐक्टर का फिल्मफेयर अवार्ड मिला था। आप सबसे ज्यादा बार फिल्मफेयर जीतने वाले पहले कलाकार हैं। 1991 में दिलीप साहब को पद्म भूषण से नवाजा गया था और 1994 में दादासाहेब फालके पुरस्कार से।


Click it and Unblock the Notifications