3 इडियट्स' से ज्यादा चुनौतिपूर्ण है 'दिल तो बच्चा है जी..ओमी

ओमी ने कहा, "'3 इडियट्स' के बाद मैं सावधानीपूर्वक अपनी भूमिकाएं चुनना चाहता था। मेरे पास प्रस्ताव आ रहे थे लेकिन उनमें से ज्यादातर 'चतुर' जैसे ही थे। मैं वैसे किरदार नहीं करना चाहता था, मैं कुछ नया करना चाहता था।"
उन्होंने कहा, "फिर मधुर भंडारकर ने मेरे सामने इस भूमिका का प्रस्ताव रखा, जो कुछ अलग थी। शुरुआत में मैं थोड़ा घबराया, क्योंकि मेरी हिंदी अब भी बहुत अच्छी नहीं है लेकिन उन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि मैं ऐसा कर सकूंगा।"
उन्होंने कहा, "इस किरदार को करना ज्यादा कठिन था क्योंकि मुझे एक महाराष्ट्रीयन की भूमिका निभानी पड़ी, जिनका कोई उच्चारण नहीं होता. इसलिए यह थोड़ा चुनौतीपूर्ण था लेकिन इसमें मजा आया।" ओमी ने बड़े पर्दे पर सफलता के बाद स्टार प्लस के रिएलिटी शो 'छोटे उस्ताद' का प्रस्तुतिकरण किया।
'दिल तो बच्चा है जी' 28 जनवरी को प्रदर्शित होने जा रही है। कैलीफोर्निया में पले-बढ़े ओमी ने छह साल की उम्र से ही अभिनय शुरू कर दिया था। उन्होंने अमेरिकी टेलीविजन कार्यक्रमों 'अरेस्टेड डेवलपमेंट', 'ई-मेल सर्विलेंस' और 'फन रन' में अभिनय किया।
'दिल तो बच्चा है जी' ओमी की दूसरी और भंडारकर के निर्देशन में बनी पहली हास्य फिल्म है। अजय देवगन, इमरान हाशमी, श्रुति हसन, श्रद्धा दास और शाहजान पद्मसी ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। यह फिल्म तीन लड़कों और उनके प्रेम में पड़ने की कहानी है। ओमी अब्बास-मस्तान की 'प्लेयर्स' और रोहित धवन की 'देसी बॉयज' में भी अभिनय कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications











