तेंदुए को गोद लेंगी दीया मिर्जा!

प्राणी उद्यान की निदेशक रेनु सिंह ने यहां गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि हमने मादा तेंदुआ 'दीया मिर्जा' के दोनों शावकों के नामकरण के लिए अभिनेत्री दीया को पत्र लिखा था। जिस पर उन्होंने अपनी सहिमत दे दी है।
सिंह ने कहा कि फिलहाल दीया किसी फिल्म की शूटिंग को लेकर अगले कुछ सप्ताह तक व्यस्त हैं। फुर्सत मिलते ही वह लखनऊ आकर दोनों नन्हे शावकों का नामकरण कर उन्हें गोद लेंगी।
उन्होंने कहा कि हमने दीया मिर्जा को पत्र लिखकर कहा था कि ये आपके ही बच्चे हैं और आप आकर इनका नामकरण करें। हमारे निवेदन को खुशी से स्वीकार कर उन्होंने जल्द आने का वादा किया है।
प्राणी उद्यान के अधिकारियों के मुताबिक मादा तेंदुआ 'दीया मिर्जा' दिसंबर 2004 को मिर्जापुर जिले में शिकारियों के जाल में फंसकर घायल हो गई थी। उपचार के लिए उसे लखनऊ प्राणी उद्यान लाया गया था। तब से वह यहीं पर है। मिर्जापुर से आने के कारण उसे दीया मिर्जा के नाम से पुकारा जाने लगा।
प्राणी उद्यान में 'दीया' इलाहाबाद से लाए गए तेंदुए अकबर इलाहाबादी के साथ रहती थी। जून 2009 में उसने दो शावकों को जन्म दिया था।
प्राणी उद्यान के अधिकारियों को उम्मीद है कि अभिनेत्री दीया मिर्जा शावकों को गोद लेने का प्रस्ताव भी स्वीकार कर लेंगी।


Click it and Unblock the Notifications











