अस्पताल में भर्ती होने की खबरों के बीच धर्मेंद्र ने शेयर किया वीडियो, कहा- 'मैं चुप हूं, बीमार नहीं'- VIDEO
पिछले दिनों वेटेरन अभिनेता धर्मेंद्र के बीमार होने और अस्पताल में भर्ती होने की खबरें हर जगह छाई रहीं। फैंस भी अभिनेता के लिए चितिंत हो उठे। लेकिन अब, अपने स्वास्थ्य के बारे में मीडिया रिपोर्टों को खारिज करते हुए, अभिनेता ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया कि वो बिल्कुल स्वस्थ हैं।
सोमवार को इंस्टाग्राम पर फैंस के लिए एक वीडियो शेयर करते हुए धर्मेंद्र ने कहा, "हेलो फ्रैंड्स, पॉजिटिव रहिए, पॉजिटिव सोचिए। मैं एकदम ठीक हूं और स्वस्थ हूं। वैसे भी कुछ न कुछ बातें चलती रहती हैं और अफवाहें उड़ती रहती हैं। वो था ना मेरा गाना, 'बुरा मत सुनो बुरा मत देखो बुरा मत कहो'। ध्यान रखना, एक-दूसरे से प्यार करना, एक-दूसरे के साथ अच्छा व्यवहार करना। ठीक है? जीवन सुंदर होगा।"

धर्मेद्र ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, "दोस्तों, विद लव टू यू ऑल।" वीडियो पर फैंस प्यार भरा रिएक्शन दे रहे हैं और उनके स्वस्थ रहने की कामना कर रहे हैं। वीडियो पर धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा, 'लव यू पापा.'।
बता दें, इससे पहले बॉबी देओल ने भी मीडिया से बात करते हुए बताया था कि उनके पिता धर्मेंद्र को कुछ नहीं हुआ है। वह बिल्कुल ठीक हैं और उनकी तबीयत खराब होने की खबर महज एक अफवाह है। बॉबी ने अपने पिता धर्मेंद्र को लेकर दिखाए गए लोगों के प्यार का आभार भी जताया।
गौरतलब है कि 86 वर्षीय अभिनेता धर्मेंद्र अभी भी फिल्मी दुनिया में एक्टिव हैं। आने वाले महीनों में वो 'अपने 2' और करण जौहर निर्देशित 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में नजर आने वाले हैं, जो कि साल 2023 में सिनेमाघरों में रिलीज होंगी।


Click it and Unblock the Notifications












