'अतरंगी रे' के सेट से धनुष की तस्वीरें वायरल, अक्षय कुमार और सारा अली खान की दिखी कमी
लॉकडाउन खत्म हो चुका है और धीरे धीरे बॉलीवुड शूटिंग पर वापस लौट रहा है। कई फिल्में, जो 6-7 महीनों से आधे में अटकी पड़ी थी, वापस से उनपर काम शुरु हो चुका है। सेट तैयार किया जा रहा है और कलाकार शूटिंग के लिए तैयार हैं।आनंद एल राय की फिल्म 'अतरंगी रे' की कुछ शूटिंग लॉकडाउन से पहले हो चुकी थी। वहीं, अब निर्देशक ने धनुष के साथ शूट दोबारा शुरु किया है।
अतरंगी रे के सेट से धनुष की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। फिल्म की शूटिंग मदुरै में हो रही है। यहां तीन हफ्ते की शूटिंग होनी है, उसके बाद पूरी टीम दिल्ली और मुबंई में अगले शेड्यूल की शूटिंग करेगी। खास बात है कि धनुष ने आनंद एल राय की ही फिल्म 'रांझणा' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।

इस फिल्म में धनुष के साथ इस फिल्म में अक्षय कुमार और सारा अली खान भी दिखेंगे। यह फिल्म 2021 में वैलेंटाइन डे के मौके पर रिलीज होगी। फिल्म को आनंद एल राय और भूषण कुमार प्रोड्यूस कर रहे हैं। म्यूजिक देंगे ए आर रहमान।
खबरों की मानें तो फिल्म में अक्षय कुमार विशेष भूमिका में होंगे। वहीं धनुष और सारा लीड रोल में होंगे। फिल्म एक हटके लव स्टोरी होगी। निर्देशक का कहना है कि इस फिल्म का संगीत रहमान के दिल के काफी करीब है। यह बेहद खास होने वाला है।
अक्षय कुमार इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा- 'मैं आनंद एल राय के साथ काम करने को लेकर काफी रोमांचित हूं। वह जिस तरह से कहानियां दिखाते हैं, मैंने हमेशा उसकी सराहना की है। जब वो मुझे इस फिल्म की कहानी सुना रहे थे, तो मैंने 10 मिनट में ही हां कर दिया था। यह मेरे लिए काफी खास रोल है।'


Click it and Unblock the Notifications

