'रामलीला' के बवाल से नाराज भंसाली के फैंस, कहा यह तो अति है
उनके फैंस ने फेसबुक औऱ ट्विटर पर लिखा है कि जबरदस्ती कुछ लोगों ने भंसाली की फिल्म 'रामलीला' को निशाना बनाया है, हर किसी को पता है फिल्म 'रामलीला' में राम औऱ लीला दो किरदारों का नाम है जिसका ना तो भगवान राम से औऱ ना ही किसी धार्मिंक संगठन से लेना-देना है।
'रामलीला' से ज्यादा वल्गर फिल्में रिलीज होती है तब तो कोई बवाल नहीं होता है, जब सेंसर बोर्ड ने फिल्म के हरी झंडी दे दी है तो फिर क्यों भंसाली की फिल्म पर तमाशा किया जा रहा है, यह सरासर गलत है और बेबुनियाद है।
गौरतलब है कि मंगलवार को दिल्ली की कड़कड़डूमा अदालत ने देश भर में फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी है। फिल्म पर लोगों की धार्मिक भावनाओं से खेलने और भगवान राम के चरित्र को गलत ढंग से पेश करने का आरोप लगा है।
दिल्ली की रामलीला कमेटी की ओर से दायर की गयी याचिका में कहा गया है कि भंसाली की फिल्म 'रामलीला' में रामलीला शब्द का गंदा मजाक उड़ाया गया है। फिल्म अश्लील संवादों और अतरंग दृश्यों से भरी हुई है। दीपिका-रणवीर के लिपलॉक सीन के बीच में हनुमान जी की फोटो का प्रयोग किया गया है। इसलिए भंसाली की फिल्म को तत्काल रोका जाये। जिस पर कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया है।
मालूम हो कि 'रामलीला' लवस्टोरी रोमियो-जूलियट की हिंदी संस्करण है जिसे गुजरात की पृष्ठभूमि में रचा-बसा दिखाया गया है। फिल्म में रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण,ऋचा चड्डा, गुलशन देवैह और सुप्रिया पाठक भी नजर आएंगे, फिल्म के एक गाने में प्रियंका चोपड़ा भी नजर आ रही है।


Click it and Unblock the Notifications
