'लफंगे-परिंदों' ने बनाया टैलेंट के मंच का मज़ाक

टैलेंट के इस मंच पर शनिवार को आने वाली फिल्म लफंगे परिंदे का प्रोमोशन किया गया। प्रोमोशन के नाम पर अगर फिल्म की अभिनेत्री दीपिका पादुकोण व अभिनेता नील नितिन मुकेश आकर सिर्फ दर्शक दीर्घा में बैठ जाते तो लोगों को बहुत खुशी होती। लेकिन वो आए और मंच का मजाक बन गया।
पहला मजाक यह कि दीपिका को मंच पर फिल्म की कैरेक्टर पिंकी पार्कर के रूप में प्रस्तुत किया गया और कहा गया कि वो देख नहीं सकती हैं। यही नहीं सभी जजों से कहा गया कि पिंकी आंख से देख नहीं सकतीं, उन्हें मंच का सिर्फ अंदाजा है। खैर यहां तक तो ठीक था, कि वो इस समय फिल्म का प्रोमोशन कर रही हैं, तो ये सब जायज है।
लेकिन हद तो तब खत्म हो गई जब दीपिका ने कथित तौर पर मंच पर स्केटिंग शुरू की। आप कह रहे होंगे कथित तौर पर कैसे। वो ऐसे कि शो के दौरान कैमरे पर या तो स्केटिंग करते हुए पैर दिखाए गए, या फिर दीपिका का ऊपरी भाग, जिसमें वो अपने हाथ हवा में उठाए हुई थीं। टेलीविजन पर साफ जाहिर हो रहा था कि स्केटिंग दीपिका नहीं बल्कि कोई और लड़की कर रही है, जैसा कि फिल्मों में होता भी है।
खैर जो हुआ सो हुआ, लेकिन सवाल यह उठता है, कि टैलेंट के जिस मंच पर आने के लिए लोग रात-रात भर सोते नहीं हैं, कड़ी मेहनत के बावजूद निराशा हाथ लगती है, वहां पर इस तरह का खेल कहां तक जायज है।


Click it and Unblock the Notifications











