नन्हें 'लव गुरू' के नायाब 'डेटिंग' नुस्खे

घर-परिवार, सगे-सबंधी और दोस्त तो सलाह देते ही हैं, इंटरनेट पर तमाम वेबसाइटों पर भी इस विषय से जुड़ी सामग्री की भरमार है. लेकिन, इन सबसे उकता चुके लोग इन दिनों एक नए 'लव गुरू" की शरण में हैं. 'लव गुरु" एलेक ग्रेवेन की उम्र यूँ तो महज़ नौ साल है, लेकिन उनके प्यार के नुस्खे युवाओं के बीच ख़ासे लोकप्रिय हो रहे हैं.
कोलोराडो निवासी एलेक ने अपने प्राइमरी शिक्षा प्रोजेक्ट के तहत 'हाउ टु टॉक टु गर्ल्स" नामक किताब लिखी और ये न्यूयॉर्क टाइम्स बेस्ट सेलर बन चुकी है.
एलेक कहते हैं, "मैंने खेल के मैदानों के आसपास देखा कि अपनी महिला मित्रों के साथ लड़के किस तरह की गलतियाँ करते हैं."
बेहतरीन नुस्खे
वो कहते हैं, "बहुत सारे लड़के ठीक तरह से बात नहीं करते या फिर जब लड़की उन्हें झिड़क देती है तो वो उस स्थिति को सँभाल नहीं पाते." एलेक का मानना है कि अपनी मित्र में दिलचस्पी दिखाना ही उसका दिल जीतने का नायाब नुस्खा है.
वो कहते हैं, "आपका मक़सद ये सुनिश्चित करना होना चाहिए कि आपकी मित्र ज़्यादा से ज़्यादा बात करे ताकि आपकी तरफ़ से गड़बड़ी की गुँजाइश न रहे."
एलेक की किताब न्यूयॉर्क की बेस्ट सेलर्स सूची है
एलेक अपनी किताब में ये भी सुझाव देते हैं कि पुरुषों को अपने स्वभाव के अनुसार ही अपना आदर्श चुनना चाहिए.
एलेक कहते हैं, "ज़्यादातर लड़कों की पसंद साधारण या आम लड़की होती है. याद रखिए लड़कों के मामलें में ख़ूबसूरत लड़कियाँ उन्हें ज़्यादा तवज्जो नहीं देती."
बीबीसी ने एलेक को बुलाकर कैलिफ़ोर्निया की 22 वर्षीय क्रिस्टिना सोर्ज पर उनके नुस्खों का असर देखने की कोशिश की.एलेक ने क्रिस्टिना से पूछा, "क्या आपने स्टार वार्स के एपीसोड देखे हैं. मैंने सुना है कि स्टार वार्स के कुछ नए एपीसोड भी आए हैं?"
क्रिस्टिना ने जवाब दिया, "हाँ बिल्कुल, मैंने स्टार वार्स की नई-पुरानी सभी फ़िल्में देखी हैं." एलेक ने फिर पूछा, "क्या तुमने इंडियाना जोन्स फ़िल्म देखी है?" क्रिस्टिना ने कहा, "मैंने पुरानी इंडियाना जोन्स देखी है." एलेक ने फिर कहा, "वो वाकई बहुत अच्छी थी."
फ़िल्मों पर बातें करने के करने के बाद एलेक का कहना था, "अगर मैं कुछ बड़ा होता तो शायद मैं उनसे पूछता कि क्या आप कहीं बाहर चलना चाहेंगी?" एलेक ने उन हालात के लिए भी सुझाव दिए जब रिश्तों में खटास आ गई हो.
जब रिश्ता टूट जाए तो आप अपने मित्र से कुछ इस तरह कह सकते हैं, "मुझे नहीं पता कि ये रिश्ता आगे चल पाएगा, लेकिन हम दोस्त तो रह ही सकते हैं."


Click it and Unblock the Notifications











