'इमरान-दीपिका पहले क्यों नहीं आए एक-साथ'

दीप्ति कार्की
बीबीसी संवाददाता
फ़िल्म 'ब्रेक के बाद' के एक दृश्य में इमरान और दीपिका
पहली बार इमरान और दीपिका की जोड़ी को साथ ला रहे निर्देशक दानिश असलम दोनों की तारीफ़ करते नहीं थकते. इमरान और दीपिका दानिश निर्देशित 'ब्रेक के बाद' में पहली बार साथ दिखेंगे.
फ़िल्म के बारे में बीबीसी से बात करते हुए दानिश कहते हैं, "मैं हैरान हूं कि इमरान और दीपिका की जोड़ी को किसी और ने पहले क्यों नहीं ट्राय किया. दोनों ही बेहद ख़ूबसूरत हैं, और ये बहुत ही नेचुरल जोड़ी है. मैं ख़ुशकिस्मत हूं कि मेरी फ़िल्म में दोनों एक साथ काम कर रहे हैं."
पहली बार साथ आ रहे हैं दीपिका और इमरान
दानिश ने बताया कि फ़िल्म 'ब्रेक के बाद' उस प्रेमी जोड़े की कहानी है जिनके बीच 10 सालों से रोमांस चल रहा होता है और फिर उनके बीच निजी समस्याओं की वजह से दरार आ जाती है.
वो कहते हैं, "फ़िल्म 'देवदास' में जैसे नाटकीय दृश्य और भावनाओं की अतिशयोक्ति दिखाई गई है, वो मुझे पसंद नहीं है. मैं नाटकीयता में विश्वास ही नहीं रखता. इसलिए मेरी फ़िल्म बेहद वास्तविक है." 'ब्रेक के बाद' की शूटिंग दिल्ली और ऑस्ट्रेलिया में की गई है.
दानिश कश्मीर के रहने वाले हैं. लेकिन उनकी पढ़ाई लिखाई दिल्ली में हुई. 11 साल दिल्ली में बिताने के बाद वो मुंबई चले गए और बतौर सहायक निर्देशक करीब सात साल तक कई फ़िल्मों में काम किया.
उन्होंने यशराज बैनर की 'सलाम नमस्ते', 'तारा रम पम' और 'फ़ना' जैसी फ़िल्मों में भी सहायक के रूप में काम किया. 'फ़ना' में काम करने के दौरान उनकी निर्देशक कुणाल कोहली से ख़ासी पहचान हो गई, और तब कुणाल ने उन्हें निर्देशक के तौर पर मौका देने का फ़ैसला कर लिया.
हाल ही में दानिश ने टीवी की मशहूर अभिनेत्री श्रुति सेठ से शादी की है. लोग 'ब्रेक के बाद' क्यों देखें. ये पूछने पर दानिश कहते हैं, "मैं कोई सेल्स मैन तो हूं नहीं. मुझसे अपनी फ़िल्म बेचते नहीं आता. लोगों को फ़िल्म अच्छी लगेगी, तो चलेगी वर्ना नहीं चलेगी."


Click it and Unblock the Notifications