दंगल गर्ल्स गीता - बबीता फोगाट की ममेरी बहन रितिका फोगाट ने की आत्महत्या, महावीर फोगाट से सीखती थीं कुश्ती
दंगल के बाद से मशहूर हुए फोगाट परिवार के लिए 15 मार्च बेहद दुखद समाचार लेकर आया। खबर है कि गीता - बबीता फोगाट की ममेरी बहन रितिका फोगाट ने एक कुश्ती का मैच हारने के बाद आत्महत्या कर अपनी जान ले ली। रितिका ये मैच केवल एक पॉइंट से हार गई थीं।
रितिका की उम्र केवल 17 साल थी और वो अपने फूफा, महावीर फोगाट की स्पोर्ट्स एकेडमी में कुश्ती सीख रही थीं। हार बर्दाश्त ना कर पाने के बाद उन्होंने अपनी जान ले ली।

गौरतलब है कि इतनी छोटी सी उम्र में एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी के ऐसे कदम उठाने से हर कोई सदमे में है। उनकी बहनों गीता, बबीता और ऋतु फोगाट ने भी ट्वीट कर रितिका को श्रद्धांजलि दी और खिलाड़िओं को ऐसा कदम ना उठाने की सलाह दी।

बबीता फोगाट ने किया ट्वीट
रितिका की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए उनकी बहन बबीता ने लिखा - भगवान रितिका की आत्मा को शांति दे। यह समय पूरे परिवार के लिए बहुत ही दुख की घड़ी है। आत्महत्या कोई समाधान नहीं है। हार और जीत दोनों जीवन के महत्वपूर्ण पहलू हैं। हारने वाला एक दिन जीतता भी जरूर है। संघर्ष ही सफलता की कुंजी है संघर्षों से घबराकर ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए।

ऋतु फोगाट का ट्वीट
वहीं महावीर फोगाट की बेटी ऋतु फोगाट ने भी ट्वीट करते हुए लिखा - छोटी बहन रितिका की आत्मा को शांति मिले। मैं अभी भी विश्वास नहीं कर पा रही हूं कि तुम्हारे साथ क्या हो गया।

लोगों से की प्रार्थना
साथ ही ऋतु ने ट्वीट कर लिखा - मुझे सुबह से मेसेज आ रहे हैं। मेरे परिवार में जो हुआ उससे मैं बहुत ही ज़्यादा दुखी और परेशान हूं। मैं लोगों से प्रार्थना करती हूं कि अफवाहें ना फैलाएं और हमारी निजता का सम्मान करें। ये हमारे परिवार के लिए बहुत ही कठिन समय है।

गीता फोगाट ने भी की प्रार्थना
गीता फोगाट ने भी ट्वीट करते हुए लिखा - भगवान मेरी छोटी बहन मेरे मामा की लड़की रितिका की आत्मा को शांति दे। मेरे परिवार के लिए बहुत ही दुख की घड़ी है। रितिका बहुत ही होनहार पहलवान थी पता नहीं क्यों उसने ऐसा कदम उठाया। हार-जीत खिलाड़ी के जीवन का हिस्सा होता है हमें ऐसा कोई क़दम नहीं उठाना चाहिये


Click it and Unblock the Notifications











