सितंबर तक खत्म हो जाएगी सलमान खान स्टारर 'दबंग 3' की शूटिंग- अरबाज खान ने किया कंफर्म
सलमान खान और सोनाक्षी सिन्हा स्टारर फिल्म दबंग 3 की शूटिंग जोर शोर से चल रही है। हाल ही में मीडिया से बात करते हुए दबंग 3 के प्रोड्यूसर अरबाज खान ने कंफर्म किया कि दबंग 3 की 60 प्रतिशत शूटिंग खत्म हो चुकी है। और उम्मीद है कि सितंबर के अंत तक फिल्म की शूटिंग पूरी हो जाएगी। बता दें, सलमान खान की यह फिल्म 20 दिसंबर को रिलीज होने वाली है।
अरबाज खान ने कहा, फिलहाल हम दबंग 3 के लंबे शेड्यूल के बीच में हैं। हमने फिल्म की 60 प्रतिशत शूटिंग पूरी कर ली है। हम दिसंबर के आखिर में फिल्म को रिलीज़ करने की सोच रहे हैं। दरअसल हमने फिल्म की रिलीज़ की तारीख का भी एलान कर दिया है।

उन्होंने आगे कहा- हम सब फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हूं और इसे बनाने के दौरान हमें काफी मज़ा भी आ रहा है। जब लोग मुझे कहते हैं कि उन्हें इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं तो मुझे लगता है कि ये अच्छी चीज़ है। मैं मानता हूं कि लोग इस फ्रैंचाइज़ी को पसंद करते हैं और वो चुलबुल पांडे के कैरेक्टर को प्यार करते हैं। अगर लोग उत्साहित नहीं होते तो ये फिक्र की बात होती।
फिल्म के निर्देशक प्रभुदेवा ने कहा दबंग 3 में कॉमेडी, इमोशन, एक्शन.. सभी कुछ है। सलमान फैंस को फिल्म में काफी मसाला मिलेगा। वहीं, साउथ के पॉपुलर हीरो किच्चा सुदीप इस फिल्म में एक विलेन के तौर पर नजर आने वाले हैं।
साल 2010 में आई फिल्म दबंग सुपरहिट रही थी। अभिनय काश्यप के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने 100 करोड़ से ऊपर का बिजनेस किया था। खासकर सलमान खान का चुलबुल पांडे बेहद पॉपुलर रहा था। जिसके बाद इसे एक फ्रैंचाइजी का रूप दे दिया गया। 2012 में आई दबंग 2 भी सुपरहिट रही थी।


Click it and Unblock the Notifications
