दबंग 2 तैयार है 200 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिए
दबंग 2 फिल्म सलमान खान की 2010 में रिलीज हुई फिल्म दबंग का सीक्वल है। दबंग ने देसी बॉक्स ऑफिस पर कुल 144 करोड़ का बिजनेस किया था। दबंग 2 से अरबाज खान ने अपने निर्देशन के करियर की शुरुआत की है और बतौर निर्देशक दबंग 2 ने उन्हें बॉक्स ऑफिस पर काफी सफलता भी दिलाई है। इस फिल्म नें अभी तक अमेरिका, यूके, यूएई, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में कुल 45.6 करोड़ का बिजनेस कर लिया है और देसी बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने कुल 189.6 करोड़ का बिजनेस कर लिया है। अब ये फिल्म मात्र 10 करोड़ दूर है 200 करोड़ क्लब से।
इस हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर एक साथ पांच फिल्में टेबल नंबर 21, देहरादून डायरी, देखा जो पहली बार, मेरी शादी कराओ और राजधानी एक्सप्रेस रिलीज हुई है। हालांकि टेबल नंबर 21 जिसमें राजीव खंडेलवाल और परेश रावल मुख्य भूमिका में हैं को छोड़कर बाकी चारों फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल रहा और इसी के साथ दबंग 2 को बिजनेस करने का एक और हफ्ता मिल गया। ट्रेड एक्सपर्ट का कहना है कि 10 करोड़ कमाना दबंग 2 के लिेए कोई मुश्किल टास्क नहीं है। क्योंकि अभी भी सलमान खान की फिल्म ही लोगों की पहली पसंद है और सिनेमाहॉल जाकर लोग इसे ही देखना पसंद कर रहे हैं। तो कुल मिलाकर दबंग 2 का अपने तीसरे हफ्ते में 200 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिये पूरी तरह से तैयार है।


Click it and Unblock the Notifications
