कठपुतली ट्रेलर: अक्षय कुमार स्टारर थ्रिलर फिल्म की पहली झलक, 3 मर्डर- एक शहर- एक पुलिस और एक सीरियल किलर
अक्षय कुमार की अगली थ्रिलर फिल्म 'कठपुतली' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। जहां अभिनेता एक पुलिस अफसर के किरदार में नजर आ रहे हैं और एक सीरियल किलर की तलाश में हैं। फिल्म 2 सितंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होने वाली है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ रकुल प्रीत सिंह और चंद्रचूर सिंह दिखाई देंगे।
ट्रेलर में, अक्षय एक सीरियल किलर का पीछा करते हुए दिख रहे हैं, जिसने 3 स्कूली लड़कियों की हत्या कर दी है और कसौली नामक हिल स्टेशन में अपने अगले टार्गेट की तलाश कर रहा है। अक्षय सहित पुलिस की टीम को 2 दिनों में उसका पता लगाना है और हत्याओं को होने से रोकना है।

रंजीत एम तिवारी के निर्देशन में बनी 'कठपुतली', सुपरहिट तमिल फिल्म 'रत्सासन' की हिंदी रीमेक है। ये एक साइको किलर की कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो युवा लड़कियों को अपना शिकार बनाता है और बार-बार पुलिस की गिरफ्त से बच निकलता है। रंजीत तिवारी और अक्षय कुमार की जोड़ी ने इससे पहले 'बेल बॉटम' दी थी।
इस साल की शुरुआत में अक्षय और रकुल मसूरी में कटपुतली की शूटिंग कर रहे थे। उस वक्त हिल स्टेशन पर समय बिताते हुए कलाकारों की तस्वीरें वायरल हुई थीं। बताया गया है कि, अक्षय को फिल्म की स्क्रिप्ट इतनी पसंद आई कि उन्होंने तुरंत ही फिल्म के लिए हामी भर दी। जैकी भगनानी के साथ ये अक्षय कुमार की तीसरी फिल्म है।
रत्सासन की बात करें तो यह एक साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर फिल्म है। राम कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विष्णु विशाल और अमाला पॉल ने मुख्य किरदार निभाया था। 2018 में रिलीज इस फिल्म का तेलुगु रीमेक भी बनाया गया था।


Click it and Unblock the Notifications











