'बुलेट राजा' में एक्शन खुद करेंगे विद्युत
बॉलीवुड फिल्मकार तिग्मांशु धूलिया की आने वाली फिल्म 'बुलेट राजा' में अपने लिए मारधाड़ वाले दृश्यों का निर्देशन अभिनेता विद्युत जामवाल स्वयं करेंगे। हालांकि फिल्म में मारधाड़ वाले दृश्यों के निर्देशन के लिए 'रा-वन', 'विश्वरूप' और 'एजेंट विनोद' जैसी फिल्मों में काम कर चुके परवेज खान को लिया गया है।
विद्युत फिल्म में एक दिलेर पुलिस वाले की भूमिका में हैं, जो फिल्म में एक महत्वपूर्ण किरदार है। यह भूमिका पहले अभिनेता इरफान खान करने वाले थे। विद्युत मारधाड़ से भरपूर इस किरदार को खास बनाना चाहते हैं।
धूलिया ने कहा, "बुलेट राजा' में विद्युत के साथ दो मारधाड़ वाले दृश्य हैं, जिन्हें वह स्वयं निर्देशित करेंगे। फिल्म के मुख्य किरदार सैफ अली खान के लिए मारधाड़ वाले दृश्यों का निर्देशन परवेज भाई कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "विद्युत अपने शरीर और दिमाग को किसी दूसरे से ज्यादा बेहतर और अच्छी तरह समझते हैं। वह 12 साल की उम्र से ही मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण लेते रहे हैं। उन्हें अच्छे से पता है कि फिल्म में अपने किरदार के साथ किस तरह से पेश आना है।"फिल्म में विद्युत अपने पहले दृश्य में चम्बल की घाटियों में डकैतों के समूह के साथ जूझते नजर आएंगे। फिल्म में उनकी आमद कहानी के बीच में अंतराल के बाद होती है, जब वह चम्बल में डकैतों का पीछा कर रहे होते हैं। जबकि दूसरा दृश्य लखनऊ शहर में फिल्माया गया है। दोनों ही दृश्य माहौल और प्रभाव के नजरिए से एक-दूसरे से भिन्न हैं।
धूलिया ने कहा, "मैंने विद्युत से उनके हिस्से के दृश्य खुद तय करने और निर्देशित करने को कहा। फिल्म की शूटिंग में बड़ा मजा आ रहा है। उम्मीद है फिल्म को देखने में दर्शकों को इससे कहीं ज्यादा मजा आएगा।"
फिलहाल धूलिया अपनी टीम के साथ उत्तर प्रदेश के इटावा शहर में फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
