Chandrayaan 3: चंद्रयान 3 उड़ान को तैयार, अक्षय कुमार समेत बॉलीवुड सेलेब्स ने ISRO की टीम को दी बधाई

Chandrayaan 3 Launch: आज सभी भारतीयों के लिए एक बड़ा दिन है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानि ISRO अपने महत्वाकांक्षी चंद्र मिशन के तहत 14 जुलाई को चंद्रयान-3 लॉन्च करने जा रहा है। इस खास मौके पर बॉलीवुड सेलेब्स ने भी इसरो की टीम को शुभकामनाएं भेजी हैं।
शुरुआती दो अभियान - चंद्रयान 1 और चंद्रयान- 2 के बाद यह तीसरी बार है, जब भारत इस दिशा में कोशिश कर रहा है। इससे पहले साल 2019 में चंद्रयान-2 मिशन के दौरान सफलता नहीं मिल पाई थी। यही कारण है कि चंद्रयान-3 मिशन को भारत के लिए अहम माना जा रहा है।
अक्षय कुमार ने दी इसरो की टीम को बधाई
अक्षय कुमार ने ट्विटर पर इसरो की टीम को बधाई देते हुए लिखा- "और उठने का समय आ गया है! #Chandrayaan3 के लिए @isro के हमारे सभी वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं। करोड़ों दिल आपके लिए प्रार्थना कर रहे हैं।"
बता दें, अक्षय की फिल्म मिशन मंगल इसरो के मिशन पर ही आधारित थी, जब इसरो ने सफलतापूर्वक मार्स ऑर्बिटर मिशन (मंगलयान) लॉन्च किया, यह मंगल ग्रह पर सबसे कम खर्चीला मिशन बन गया था।
रितेश देशमुख और अनुपम खेर ने भी किया ट्वीट
अक्षय कुमार के अलावा रितेश देशमुख और अनुपम खेर ने भी इसरो को अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं। रितेश ने ट्वीट करते हुए लिखा- "#चंद्रयान 3 के लॉन्च के लिए उत्साहित हूं - हमारे देश के गौरव @isro को शुभकामनाएं - इसकी सफलता के लिए प्रार्थना करता हूं। #जय हिन्द।"
वहीं, अनुपम खेर लिखते हैं, "भारत चंद्रमा पर अपने तीसरे मिशन के लिए पूरी तरह तैयार है। #इसरो के हमारे वैज्ञानिकों को #चंद्रयान3 के प्रक्षेपण के लिए शुभकामनाएं। झंडा ऊंचा रहे हमारा. जय हिंद! 🇮🇳 @isro"
14 जुलाई 2023 को दोपहर 2.35 बजे चंद्रयान-3 अपनी यात्रा शुरू करेगा। बताया जा रहा है कि चंद्रयान-3 को तैयार करने में करीब 615 करोड़ रुपये लगे हैं, जो कि कुछ भारतीय फिल्मों के बजट से भी कम हैं।


Click it and Unblock the Notifications