अक्टूबर बना 'काल'! असरानी से सतीश शाह तक... इन 8 दिग्गज सितारों ने ली आखिरी सांस

Celebrity deaths October 2025: साल 2025 का अक्टूबर महीना भारतीय मनोरंजन जगत के लिए गहरा सदमा लेकर आया। महज कुछ हफ्तों में फिल्म, टीवी और म्यूजिक इंडस्ट्री के आठ जाने-माने सितारों ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। किसी ने बीमारी, किसी ने हादसे तो किसी ने खुदकुशी के कारण अपनी जिंदगी खो दी।
पूरी इंडस्ट्री इन दुखद घटनाओं से शोक में डूबी है। आइए उन सितारों के बारे में जानें जिनका देहांत इस अक्टूबर महीने में हुआ है।
राजवीर जवंदा (8 अक्टूबर 2025)
35 साल के पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा की दुखद मौत एक सड़क हादसे में हुई। वह हिमाचल प्रदेश की ओर अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी बद्दी (सोलन) के पास उनका एक्सीडेंट हो गया। कई दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें सिर और रीढ़ की हड्डी में काफी गहरी चोटें आई थीं।
वरिंदर सिंह (9 अक्टूबर 2025)
पंजाब के मशहूर वेजिटेरियन बॉडीबिल्डर वरिंदर सिंह का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ। वह सलमान खान के साथ कई फिल्मों में नजर आ चुके थे और फिटनेस की दुनिया में यंग जनरेशन के लिए एक मिसाल माने जाते थे।
पंकज धीर (15 अक्टूबर 2025)
टीवी के प्रसिद्ध कलाकार पंकज धीर, जिन्होंने महाभारत में 'कर्ण' का रोल निभाया था, उनका 68 साल की उम्र में निधन हुआ। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके एक्टिंग ने फिल्म और टीवी दोनों जगत में अमिट छाप छोड़ी।
असरानी (20 अक्टूबर 2025)
मशहूर कॉमेडियन असरानी के निधन की खबर ने पूरे देश को भावुक कर दिया। 84 वर्ष की उम्र में उन्होंने फेफड़ों में पानी भरने के कारण आखिरी सांस ली। 'शोले', 'खट्टा मीठा' और 'ढोल' जैसी फिल्मों के जरिये उन्होंने लाखों दर्शकों को हंसाया। आपको बता दें, असरानी का निधन दीवाली वाले दिन हुआ था और उसी दिन पहले उन्होंने अपने फैंस को दीवाली के लिए बधाई संदेश दिया था और फिर शाम होते-होते उनके निधन की खबर सामने आ गई।
ऋषभ टंडन (22 अक्टूबर 2025)
जाने-माने सिंगर ऋषभ टंडन का निधन हार्ट अटैक से हुआ। वह दीवाली अपने परिवार के साथ मनाने दिल्ली पहुंचे थे, तभी उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। उनकी मौत से म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।
पीयूष पांडे (24 अक्टूबर 2025)
भारत के नामी विज्ञापन एक्सपर्ट पीयूष पांडे का 70 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनकी मौत का कारण अभी सामने नहीं आया है। वे 'कुछ मीठा हो जाए' और 'अब की बार मोदी सरकार' जैसे प्रसिद्ध ऐड कैंपेन के लिए जाने जाते थे। उनके निधन पर कई जानी-मानी हस्तियों ने श्रद्धांजलि दी थी।
सचिन चांदवाड़े (24 अक्टूबर 2025)
25 साल के मराठी और हिंदी वेब सीरीज एक्टर सचिन चांदवाड़े ने आत्महत्या कर ली। उन्हें 23 अक्टूबर को उनके घर में बेहोश पाया गया था और बाद में अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई उन्हें 24 तारीख को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सतीश शाह (25 अक्टूबर 2025)
फिल्म और टीवी जगत के दिग्गज सतीश शाह का 74 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सतीश शाह ने अपने 40 साल के करियर में 250 से अधिक फिल्मों और कई लोकप्रिय टीवी शोज में काम किया, जिनमें 'साराभाई वर्सेज साराभाई' सबसे ज्यादा चर्चित रहा।


Click it and Unblock the Notifications



















